बरेली: जो डाक्टर ड्यूटी पर नहीं, उनके विरुद्ध कार्रवाई की रिपोर्ट शासन को भेजें
बरेली, अमृत विचार। डेंगू और मलेरिया समेत अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जिलाधिकारी अपने-अपने जिलों में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की मॉनीटरिंग करें। जिला अस्पताल, सामुदायिक और स्वास्थ्य केंद्रों में बाहर की तरफ बोर्ड लगाकर डाक्टरों का नाम और मोबाइल नंबर लिखवाएं, ताकि अस्पतालों में आने वाले मरीजों को दिक्कत न हो। जो …
बरेली, अमृत विचार। डेंगू और मलेरिया समेत अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जिलाधिकारी अपने-अपने जिलों में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की मॉनीटरिंग करें। जिला अस्पताल, सामुदायिक और स्वास्थ्य केंद्रों में बाहर की तरफ बोर्ड लगाकर डाक्टरों का नाम और मोबाइल नंबर लिखवाएं, ताकि अस्पतालों में आने वाले मरीजों को दिक्कत न हो।
जो डाक्टर लंबे समय से ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट शासन को भेजें। बरेली, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर के डीएम दवाओं और एंबुलेंस की स्थिति की समीक्षा करें। समय-समय पर जिलों में दवाओं की स्थिति परखते रहें। ये निर्देश मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने जिलाधिकारियों को दिए हैं।
मंडलायुक्त ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए समुचित प्रयास करें। सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। प्रत्येक कर्मचारी को साफ सफाई के प्रति सजग रहने के निर्देश जारी करें। जिस बिल्डिंग में कई फ्लोर हैं, वहां पर प्रत्येक फ्लोर पर एक अधिकारी को सफाई का नोडल अधिकारी नामित कर उसे उत्तरदायी बनाएं।
मंडलायुक्त ने मंगलवार को कमिश्नरी सभागार में मासिक मंडलीय समीक्षा बैठक की। गोवंश के लिए किए जा रहे कार्यों पर मंडलायुक्त ने शाहजहांपुर के एक आश्रय स्थल का उदाहरण देते हुए कहा कि बरेली समेत अन्य जिलों को नसीहत दी। जिलाधिकारी नितीश कुमार, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर के जिलाधिकारी, सीडीओ चंद्रमोहन गर्ग, अपर आयुक्त अरुण कुमार आदि अधिकारी उपस्थित थे।
सभी अधिकारी गन्ने का शेष बकाया भुगतान जल्द कराएं
गन्ना भुगतान की स्थिति की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि जो भी बकाया रह गया है, तत्काल भुगतान कराएं। बरेली में 85, पीलीभीत में 80, शाहजहांपुर में 85 तथा बदायूं में 73 प्रतिशत भुगतान हो चुका है। गन्ना विभाग द्वारा जो सड़क निर्माण प्रस्तावित हैं उसे शीघ्र पूर्ण करें। मिलों को जाने वाली सड़कों की स्थिति खराब है तो निर्माण करा लें।
भूमि न होने की आख्या भेजी तो कार्मिक पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री घोषणा से संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी मुख्य विकास अधिकारियों से कहा कि योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक सप्ताह प्रस्तुत करें। वे स्थलीय निरीक्षण कर निरीक्षण आख्या भी नियमित रूप से भेजें। मंडलायुक्त ने कहा कि किसी भी विकास कार्य या योजना परियोजना के लिए ग्राम स्तर पर भूमि की समस्या नहीं है। ध्यान से सुन लें, यह आख्या प्रस्तुत न करें कि योजना के लिए भूमि नहीं मिल रही है। इसमें आख्या भेजने वाले कार्मिक को उत्तरदायी ठहराया जाएगा और उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होगी।
यूनानी मेडिकल कॉलेज का निर्माण इसी सप्ताह होगा शुरू
मंडलीय समीक्षा बैठक में 50 लाख से अधिक के निर्माण कार्य की समीक्षा की। जिसमें बताया कि मंडल में 255 परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। लालफाटक का कार्य तेजी से हो रहा है। दिसम्बर तक पूर्ण होने की बात कही। अटल सेतु (चौपुला पुल) के शेष कार्य अगले छह माह में पूर्ण होने और यूनानी मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य इसी सप्ताह आरंभ होने की बात कही। बदायूं राजकीय मेडिकल कालेज का 10 प्रतिशत शेष कार्य जल्दी पूर्ण करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को पीलीभीत मेडिकल कॉलेज के कार्य में भी तेजी लाने को कहा है।
