लखीमपुर खीरी: नाले के पास चर रही भैंस को खींच ले गया मगरमच्छ
पलियाकलां, अमृत विचार। क्षेत्रीय ग्राम पढ़ुवा के निकट सुतिया नाले के पास चर रही ग्रामीण की एक भैंस को नाले से अचानक निकले मगरमच्छ ने पानी में खींच अपना निवाला बना लिया। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जा पहुंचे। कुछ देर बाद पशु का अधखाया शव पानी के ऊपर उतराता हुआ दिखाई …
पलियाकलां, अमृत विचार। क्षेत्रीय ग्राम पढ़ुवा के निकट सुतिया नाले के पास चर रही ग्रामीण की एक भैंस को नाले से अचानक निकले मगरमच्छ ने पानी में खींच अपना निवाला बना लिया। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जा पहुंचे। कुछ देर बाद पशु का अधखाया शव पानी के ऊपर उतराता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने मामले की सूचना वन विभाग को दी। जिस पर पहुंचे वनकर्मियों ने मौका मुआयना कर पीड़ित पशुपालक को मुआवजा दिये जाने का आश्वासन दिया।
ज्ञात हो कि पलिया ब्लाक के गांव पढ़ुवा निवासी रामस्वरूप पुत्र नारायण गांव से कुछ दूर अपने पालतू पशु चराने गया हुआ था। घास चर रही ग्रामीण की दुधारू भैंस सुतिया नाले के पास जा पहुंची। इसी बीच अचानक नाले से निकला एक विशालकाय मगरमच्छ भैंस को अपने जबड़े में जकड़ते हुए पानी में खींच ले गया। ग्रामीण जब तक शोर मचा अपनी भैंस को बचा पाता, तब तक मगरमच्छ उसे पानी में ले जाकर अपना निवाला बना चुका था। कुछ देर बाद भैंस का अधखाया शव पानी में उतराता हुआ दिखाई दिया।
सूचना मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जा पहुंची। ग्रामीणों ने मामले की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन कर्मी भी मौके पर पहुंच गए और भैंस के शव को पानी से बाहर निकलवाया। पीड़ित ग्रामीण रामस्वरूप के मुताबिक उसकी दुधारू भैंस के मरने से उसे भारी नुकसान हुआ है। वन विभाग ने पीड़ित ग्रामीण को मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया है।
