मुरादाबाद: सोने को जगह नहीं मिली तो आपस में भिड़े बंदी, हत्या के आरोपी पर धारदार हथियार से किया वार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। क्षमता से कई गुना ज्यादा बंदियों का बोझ झेल रही जिला कारागार में बुधवार देर रात जमकर बवाल हो गया। बैरक में सोने को जगह नहीं मिली तो दो बंदियों ने हत्या व लूट के आरोपी संतोष पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस घटना से बैरक में चीख पुकार मच …

मुरादाबाद, अमृत विचार। क्षमता से कई गुना ज्यादा बंदियों का बोझ झेल रही जिला कारागार में बुधवार देर रात जमकर बवाल हो गया। बैरक में सोने को जगह नहीं मिली तो दो बंदियों ने हत्या व लूट के आरोपी संतोष पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस घटना से बैरक में चीख पुकार मच गई। सूचना मिलने पर बंदी रक्षक और जेल अधिकारी मौके पर पहुंच गए और घायल बंदी को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया, जबकि आरो‌पी बंदियों को दूसरी बैरकों में शिफ्ट किया गया है।  बताया जा रहा है कि आरोपी बंदियों ने चम्मच को हथियार बनाकर हमला किया था।

हमले में घायल होने वाला बंदी संतोष बदायूं निवासी है। बताया जा रहा है कि बंदी संतोष को उसके साथी जितेंद्र, नीरज, भूप सिंह, महेंद्र के साथ चंदौसी पुलिस ने जेल भेजा था। आरोप है कि आरोपियों ने तीन जुलाई 2020 को चंदौसी निवासी व्यापारी रामौतार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद आरोपी दो लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे। संतोष बैरक नंबर चार में था।

इसी बैरक में करूला निवासी शाहनावाज करूला और संभल निवासी सलीम उर्फ छोटे भी बंद हैं। बैरक में सोने के लिए जगह न मिलने पर शाहनवाज और सलीम व छोटे का संतोष से विवाद हो गया था। देर रात संतोष बैरक में सो रहा था। इसी दौरान शाहनवाज व सलीम ने संतोष पर हमला कर दिया। जिसमें वह घायल हो गया। जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया कि बंदियों में कहासुनी हो गई थी। एक बंदी मामूली घायल हो गया था। सिविल लाइंस थाना प्रभारी सहंसवीर सिंह ने बताया‌ कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है।

संबंधित समाचार