रामपुर: बेटी पर बुरी नीयत रखता था बाप, विरोध करने पर गला दबाकर कर दी थी हत्या
रामपुर, अमृत विचार। अपनी शादीशुदा बेटी पर बुरी नीयत रखने और उसके द्वारा विरोध करने पर पिता ने ही बेटी की गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने पूरी गुत्थी सुलझाने के बाद आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के पास रहकर अपने परिवार …
रामपुर, अमृत विचार। अपनी शादीशुदा बेटी पर बुरी नीयत रखने और उसके द्वारा विरोध करने पर पिता ने ही बेटी की गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने पूरी गुत्थी सुलझाने के बाद आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के पास रहकर अपने परिवार के साथ गुजर बसर करने वाली माला की बुधवार सुबह मौत हो गई थी। जिसके बाद परिवार के लोग अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इस बीच किसी ने सिविल लाइंस पुलिस को सूचना दे दी थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया था। पुलिस ने विवाहिता का पोस्टमार्टम कराया था। गला दबाकर हत्या करने की बात सामने आई थी। इसके बाद विवाहिता की मां कांति उर्फ राजवाला ने पुलिस को तहरीर देकर अपने ही पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा था कि दस साल पहले उसके पति शकील की मौत हो गई थी।
जिसके बाद उसने मूंढापांडे थाना क्षेत्र के सौपुरी मुंडिया गांव निवासी बेचा उर्फ अक्षय से शादी कर ली थी। तब से ही उसके साथ पत्नी बनकर रह रही थी। शादी के बाद से ही बेचा अपनी सौतेली बेटी माला पर बुरी नजर रखता था। इसको लेकर आए दिन घर में विवाद होता रहता था आरोप है कि 12 अक्टूबर की शाम उसके पति बेचा ने दोनों को शराब पिला दी। इसके बाद सभी सो गए थे। आधी रात को अचानक आवाज आने पर जब कांति ने उठकर देखा तो बेचा माला की गर्दन दबाए हुए बैठा था। कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पुलिस ने बुधवार रात को आरोपी बेचा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
वहीं गुरुवार को पुलिस ने इस मामले में आरोपी बेचा को अजीतपुर बाईपास से गिरफ्तार कर लिया। सिविल लाइन थाना प्रभारी लव सिरोही ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर मौत की पुष्टि हुई थी। बाद में परिवार की ओर से तहरीर आई थी जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है आरोपी उसका सौतेला पिता है। उस पर बुरी नियत रखता था।
