बरेली: दिवाली पर शहर की सफाई के लिए लगी विशेष टीम, कूड़ा गाड़ी के फेरे बढ़े

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। दिवाली पर शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए नगर निगम प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। हालांकि त्योहार पर शहर से निकलने वाले अतिरिक्त कूड़े का निस्तारण नगर निगम के लिए चुनौती बन गया है। सामान्य दिनों के मुकाबले इन दिनों शहर में 30 से 40 फीसदी तक अधिक कूड़ा निकलने लगा …

बरेली, अमृत विचार। दिवाली पर शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए नगर निगम प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। हालांकि त्योहार पर शहर से निकलने वाले अतिरिक्त कूड़े का निस्तारण नगर निगम के लिए चुनौती बन गया है। सामान्य दिनों के मुकाबले इन दिनों शहर में 30 से 40 फीसदी तक अधिक कूड़ा निकलने लगा है। इसके निस्तारण के लिए नगर निगम ने कर्मचारियों को दिन रात सफाई कार्य में लगाने के साथ ही कूड़ा ढोने वाले वाहनों के फेरे भी बढ़ा दिए हैं। अब 24 घंटे साफ-सफाई के अतिरिक्त रविवार को विशेष सफाई अभियान भी चलाया जाएगा।

नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि आम दिनों में शहर में प्रतिदिन करीब पांच सौ मीट्रिक टन तक कूड़ा निकलता है लेकिन इन दिनों दिवाली की तैयारी में शहर में कूड़े के ढेर बढ़ने लगे हैं। त्योहार की खुशियां मनाने के लिए लोगों ने घर से लेकर अपने आसपास तक साफ सफाई तेज कर दी है। इससे अब प्रतिदिन 800 एमटी कूड़ा निकल रहा है। पहले से ही संसाधनों के अभाव से जूझ रहे नगर निगम के सामने 200 एमटी अतिरिक्त कूड़े का निस्तारण किसी चुनौती से कम नहीं है।

उसी संसाधन में कूड़ा निस्तारण के लिए काम के घंटे बढ़ा दिए गए हैं। सफाई कर्मचारियों को 24 घंटे सातों दिन कूड़ा उठाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा कूड़े के निस्तारण के लिए उसे प्लांट तक पहुंचाने को कूड़ा गाड़ियों के फेरों में भी इजाफा कर दिया गया है। मुख्य सफाई निरीक्षक एके दुबे का कहना है कि दिवाली की तैयारी के चलते बढ़े अतिरिक्त कूड़े के निस्तारण के लिए वाहनों के फेरे बढ़ा दिए गए हैं। इसके अलावा सफाई कर्मचारियों की विशेष टीमें बनाई गई है, जो दीवाली के दिन भी सक्रिय रहेंगी। इसके अलावा सफाई के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

संबंधित समाचार