संभल : पास की चारपाई पर सोता रहा पति, पत्नी को बंधक बना नकदी-आभूषण लूट ले गए बदमाश
संभल, अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की रात बदमाशों ने घर में घुसकर तंमचे के बल पर महिला को बंधक बनाकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। वह शोर न मचा सके इसके लिए बदमाशों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इस दौरान महिला का पति उसके बराबर में …
संभल, अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की रात बदमाशों ने घर में घुसकर तंमचे के बल पर महिला को बंधक बनाकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। वह शोर न मचा सके इसके लिए बदमाशों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इस दौरान महिला का पति उसके बराबर में सोता रहा। उधर बदमाश घर में रखी बीस हजार की नकदी व सोने चांदी के जेवर सहित करीब 80 हजार रुपये का सामान समेट कर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
असमोली थाना क्षेत्र के असगरीपुर गांव निवासी फारूख का मकान गांव के बीच स्थित है। इसमें पीड़ित अपनी मां, पत्नी और बच्चों सहित रहता है। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा है। उसके अनुसार बुधवार को वह बैंक से 20 हजार रुपये निकाल कर लाया था और कमरे में रखे संदूक में रख दिए थे। रात को खाना खाकर बरामदे में पत्नी और बच्चों के साथ मच्छरदानी लगाकर सो गया। उसकी ऊपरी तल पर बने कमरे में सोई थीं।
मकान पर मेन गेट नहीं होने के कारण देर रात तीन नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए। उन्होंने बराबर की चारपाई पर सो रही उसकी पत्नी को जगाया। बदमाशों को देखकर उसने शोर मचाना चाहा, लेकिन उससे पहले ही उन्होंने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और तमंचा दिखाकर बंधक बना लिया, जिससे वह शोर न मचा सके। उसके बाद बदमाशों ने घर में रखी 20 हजार रुपये की नकदी, सोने की बाली व चांदी की पायल सहित करीब 80 हजार रुपये का माल लूट लिया फिर शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद महिला ने पति को जगाया और घटना की जानकारी दी। सुबह में लूटपाट का पता चलने पर उसके घर पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठी हो गई। पीड़ित ने बताया कि बीते शनिवार को भी देर रात बदमाश घर के पास देखे गए थे। लेकिन, जाग होने की वजह से वे भाग गए थे। उसके अनुसार उसने पुलिस को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि चौकी प्रभारी से शिकायत करो तो गालियां देकर धमकाने लगते हैं।
