हल्द्वानी: महिला अस्पताल में डॉक्टर नहीं, इलाज को भटके मरीज
हल्द्वानी, अमृत विचार। डॉक्टरों की कमी की वजह से महिला अस्पताल में मरीजों को काफी परेशान होना पड़ रहा है। ओपीडी में महिलाओं की लंबी कतारें लग जातीं हैं। कुछ महिलाएं डॉक्टर नहीं होने की वजह से बिना उपचार के ही वापस लौट गईं। सरकार भले ही स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के दावे करे …
हल्द्वानी, अमृत विचार। डॉक्टरों की कमी की वजह से महिला अस्पताल में मरीजों को काफी परेशान होना पड़ रहा है। ओपीडी में महिलाओं की लंबी कतारें लग जातीं हैं। कुछ महिलाएं डॉक्टर नहीं होने की वजह से बिना उपचार के ही वापस लौट गईं।
सरकार भले ही स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के दावे करे लेकिन जमीनी हकीकत परेशान करने वाली है। हल्द्वानी के राजकीय महिला चिकित्सालय में डॉक्टरों की कमी का खामियाजा गर्भवती महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है। जबकि यहां रोजाना उपचार के लिए करीब 300 महिलाएं आती हैं।
मंगलवार को ओपीडी में महिलाओं की लंबी कतार लगी रही। महिलाओं में 50 से ज्यादा गर्भवती महिलाएं शामिल थीं। मरीजों ने बताया कि कई घंटे से डॉक्टर गायब हैं। जिस कारण कई महिलाएं बिना इलाज के लौट गईं। कई महिलाओं को बेंच नहीं मिलने की वजह से घंटों तक खड़े रहना पड़ा। अस्पताल की सीएमएस डा. उषा जंगपांगी ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों की कमी बनी हुई है। कुछ डॉक्टर ऑपरेशन और इमजेंसी ड्यूटी पर हैं, इस वजह से मरीजों को परेशानी हुई है। हालांकि बाद में सीएमएस के आदेश के बाद ओपीडी में डॉक्टर की व्यवस्था करवा दी गई।
