कानपुर: पार्लर संचालिका की नृशंस हत्या, जांच में जुटी पुलिस
कानपुर। अर्रा में दिन दहाड़े पार्लर संचालिका की हाथ-पैर बांधकर हत्या कर दी गई। महिला की बेटी स्कूल गई थी और पति काम पर गए थे। भाई अस्पताल ले जाने के लिए घर पहुंचा तो पूरे घर में धुआं भरा हुआ था। अंदर वाले कमरे में बहन के हाथ-पैर बांधकर शव रखा गया था। सिर …
कानपुर। अर्रा में दिन दहाड़े पार्लर संचालिका की हाथ-पैर बांधकर हत्या कर दी गई। महिला की बेटी स्कूल गई थी और पति काम पर गए थे। भाई अस्पताल ले जाने के लिए घर पहुंचा तो पूरे घर में धुआं भरा हुआ था। अंदर वाले कमरे में बहन के हाथ-पैर बांधकर शव रखा गया था। सिर के साथ ही पूरे शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। हत्यारे बाथरूम में कुछ जलाकर भागे थे। अर्रा जय गुरुदेव आश्रम के बगल में एक जूता कंपनी में रहने वाले अनोद कुमार मौर्या परिवार के साथ रहते हैं।
अनोद ने बताया कि पत्नी लक्ष्मी देवी घर पर ही कॉस्मेटिक की दुकान चलाने के साथ ही ब्यूटी पार्लर का भी काम करती थी। गुरुवार सुबह 8:30 बजे वह रायपुरवा स्थित कंपनी में नौकरी के लिए आ गए थे। जबकि बेटी आकांक्षा मौर्या भी इसी समय इलाके के स्कूल में पढ़ने के लिए निकली थी। सीने में दर्द होने के चलते अनोद का साला रमाशंकर उन्हें हॉस्पिटल ले जाने के लिए दोपहर में 12 बजे घर पहुंचा तो दंग रह गया। पूरा घर धुएं से भरा था और बहन का रक्तरंजित शव पीछे वाले कमरे में पड़ा हुआ था।
रमाशंकर ने अपने बहनोई और मोहल्ले के लोगों को हत्याकांड की जानकारी देने के साथ ही नौबस्ता पुलिस को सूचना दी।परिजनों ने लूट के बाद हत्या की आशंका जताई है।महिला के शरीर पर टप्स, मंगलसूत्र और पायल समेत अन्य जेवरात होने से लूट की वारदात नहीं लग रही है। नौबस्ता थाना प्रभारी अमित भड़ाना, एसीपी विकास पांडेय और फोरेंसिक टीम मौके पर जांच करने पहुंची। थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में किसी जानकार के हत्याकांड को अंजाम देना लग रहा है।
मृतक महिला के भाई रमाशंकर ने बताया कि भले ही पुलिस दावा कर रही कि लूट-पाट नहीं की गई, लेकिन घर में पूरा सामान बिखरा हुआ था और आलमारी खुली थी। हत्याकांड के पीछे लूटपाट की घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। हत्याकांड के बाद हत्यारों ने बाथरूम में कुछ जलाया था। इससे पूरा घर धुएं से भरा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद हत्यारों ने साक्ष्य मिटाने के लिए कपड़े व अन्य साक्ष्य बाथरूम में रखकर आग लगा दिया। इस पहलू पर भी पुलिस जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें:-दिव्यांग कमल शर्मा ने रोशन किया पीलीभीत का नाम, राष्ट्रपति करेंगे नेशनल अवार्ड से सम्मानित
