बिजनौर : नारियल फोड़ने से टूटी सड़क की टीम ने तीसरी बार लिए सैंपल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर, अमृत विचार। करोड़ों रुपए की लागत से गांव अजीजपुरा खेड़ा से नहर की पटरी पर नहटौर खंड तक बनी 700 मीटर सड़क के टूटने के चर्चित प्रकरण में आज मंडलायुक्त के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय तकनीकी ऑडिट टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण की जांच के लिए सैंपल लिए। इससे पहले भी …

बिजनौर, अमृत विचार। करोड़ों रुपए की लागत से गांव अजीजपुरा खेड़ा से नहर की पटरी पर नहटौर खंड तक बनी 700 मीटर सड़क के टूटने के चर्चित प्रकरण में आज मंडलायुक्त के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय तकनीकी ऑडिट टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण की जांच के लिए सैंपल लिए। इससे पहले भी जिलास्तरीय अधिकारियों की टीम ने जांच के लिए दो बार सैंपल लिए हैं। लोक निर्माण विभागीय अधीक्षण अभियंता रामपुर ने कहा कि नमूने जांच के लिए लैब में भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद निर्माण शुरू कराया जायेगा।

सिंचाई खंड बिजनौर द्वारा गांव अजीजपुरा खेड़ा से नहर फाल से होते हुए नहटौर खंड तक करोड़ों रुपए की लागत से साढ़े सात किलोमीटर सड़क बनाई जा रही है। यह सड़क गांव से नहर फाल तक 700 मीटर बनकर तैयार हो चुकी थी। जिसका शुभारंभ 2 दिसंबर को सदर विधायक सूची चौधरी द्वारा किए जाने के दौरान नारियल फोड़ते समय सड़क धंस गई थी।

जिस पर ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में धांधली का आरोप लगाते हुए विरोध स्वरूप धरना-प्रदर्शन किया था। जिसमें सदर विधायक सूची चौधरी और भाजपा नेता ऐश्वर्य मौसम चौधरी भी ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए थे। जिनके हस्तक्षेप पर मामले की गूंज प्रदेश सरकार तक पहुंच गई। इस मामले में जल शक्ति मंत्री डॉ महेंद्र सिंह ने संबंधित सिंचाई विभाग के अवर अभियंता एवं सहायक अधिशासी अभियंता को निलंबित करने के निर्देश दिए थे। हालांकि मामले में अवर अभियंता शिवानी गुप्ता को निलंबित किया जा चुका है।

इस प्रकरण में अभी और अधिकारियों पर भी कार्रवाही होनी निश्चित है। जिलाधिकारी उमेश मिश्र की संस्तुति पर मंडलायुक्त मुरादाबाद ने प्रकरण में तीन सदस्यीय तकनीकी ऑडिट टीम गठित की। जिसके चलते सोमवार को लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता वीरेंद्र सिंह रामपुर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जिन्होंने 700 मीटर बनी सड़क की जांच की और नमूने लिए।

अधीक्षण अभियंता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बनी सड़क के जांच हेतु नमूने ले लिए गए हैं। जिन्हें अधिकारियों के निर्देश पर लैब के लिए भिजवाया जाएगा। अभी जांच रिपोर्ट आने तक सड़क निर्माण कार्य रुका रहेगा। जांच टीम में उनके साथ मनीष सोनकर टीएसी, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता के आर खान मौजूद रहे। बता दें कि इससे पूर्व मंडल जिला स्तर पर दो बार नमूने जांच के लिए भेजी जा चुकी है।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज