मुरादाबाद : निकाह के 25 साल बाद भी ससुराली कर रहे हैं उत्पीड़न
मुरादाबाद, अमृत विचार। निकाह के 25 साल बाद भी ससुराली दहेज के लिए महिला का उत्पीड़न कर रहे हैं। दो लाख रुपये और बाइक न मिलने पर पति और अन्य मारपीट करते हैं। ससुरालियों ने जब मायके की संपत्ति में हिस्सा मांगना शुरू किया तो महिला ने विरोध किया। जिस पर मारपीट कर उसे घर …
मुरादाबाद, अमृत विचार। निकाह के 25 साल बाद भी ससुराली दहेज के लिए महिला का उत्पीड़न कर रहे हैं। दो लाख रुपये और बाइक न मिलने पर पति और अन्य मारपीट करते हैं। ससुरालियों ने जब मायके की संपत्ति में हिस्सा मांगना शुरू किया तो महिला ने विरोध किया। जिस पर मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया और ससुरालियों ने महिला थाने में उसकी शिकायत भी कर दी। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी ने कुंदरकी थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
कुंदरकी थाना क्षेत्र में रहने वाली राशिदा ने एसएसपी को पत्र दिया। राशिदा का कहना था कि करीब 25 साल पहले उसका निकाह सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र ग्राम काजीपुरा निवासी शमशाद हुसैन के साथ हुआ था। उसके पिता सरकारी शिक्षक थे उन्होंने निकाह में पर्याप्त दहेज दिया था। इसके बाद भी ससुराली कम दहेज लाने की बात कहकर उसे ताने मारते थे। वह लोग दो लाख रुपये और बाइक की मांग कर रहे थे। इस दौरान उत्पीड़न से तंग आकर कई बार उसने मायके से रुपये लाकर ससुरालियों को दिए। इस बीच उसके देवर का निकाह भी हुआ। इसके बाद ससुराली देवर को अधिक दहेज मिलने का ताना देकर उसे प्रताड़ित करने लगे। अब तो ससुराली उसकी मायके की संपत्ति पर भी हक मांगने लगे।
आरोप है कि इसका विरोध करने पर मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद से वह बिना कोई कानूनी कार्रवाई किए अपने मायके में रहने लगी। राशिदा के अनुसार इस बीच ससुरालियों ने महिला थाने में उसकी झूठी शिकायत कर दी। नोटिस आने पर वह महिला थाने गई तो वहां पर ससुराली पहले से मौजूद थे। आरोप है कि थाने से बाहर निकलने के बाद फिर ससुरालियों ने सड़क पर उसके साथ मारपीट की। अब पति दहेज न लाने पर तलाक देने के साथ ही दूसरा निकाह करने की धमकी दे रहा है। एसएसपी ने कुंदरकी थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
