बदायूं: दातागंज के पथरीले पथ पर धीमी रही विकास की गति

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। दातागंज विधानसभा क्षेत्र रामगंगा की कटरी में बसा है। यही वजह है कि इस क्षेत्र के अधिकांश गांव आज भी विकास के लिए तरस रहे हैं। हालांकि क्षेत्र में कई इलाकों में विकास का पहिया चला लेकिन पथरीली राहों पर गति नहीं पकड़ सका। क्षेत्र के कई लोगों ने बताया कि विधायक …

बदायूं, अमृत विचार। दातागंज विधानसभा क्षेत्र रामगंगा की कटरी में बसा है। यही वजह है कि इस क्षेत्र के अधिकांश गांव आज भी विकास के लिए तरस रहे हैं। हालांकि क्षेत्र में कई इलाकों में विकास का पहिया चला लेकिन पथरीली राहों पर गति नहीं पकड़ सका। क्षेत्र के कई लोगों ने बताया कि विधायक ने क्षेत्र में बहुत कार्य कराए हैं। जबकि कुछ लोगों का कहना है कि विकास के नाम पर क्षेत्र में सिर्फ खानापूर्ति हुई है। इससे अधिक कुछ नहीं। हालांकि क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह बब्बू का दावा है कि उन्होंने जितना विकास कराया उतना आजादी के बाद से अब तक नहीं हो सका है।

स्थानीय स्तर पर अधिकांश स्थानों पर विकास दिखाई देता है, लेकिन आज भी कटरी क्षेत्र के कई गांव विकास से अछूते हैं। कई गांवों के लोगों को आज भी पथरीली राहों से होकर गुजरना पड़ता है। वहीं रामगंगा के मुहाने पर बसे कई गांवों का अस्तित्व ही संकट में है। बताते हैं कि विधायक ने इन गांवों को बचाने के लिए कोई कवायद नहीं की है।

उधर विधायक का दावा है कि उन्होंने विधायक निधि से करीब 50 लाख रुपये से सीसी रोड बनवाए हैं। वहीं 133 सड़कों को बनवाया है। 16 बरात घरों का निर्माण कार्य उन्हीं के कार्यकाल में हुआ है। पिपला गांव की पुलिया और अन्य विकास कार्य कराए हैं। वहीं अन्य दलों के नेताओं का कहना है कि विधायक ने सिर्फ बयानबाजी और बिजनेस किया है। इससे जनता को कोई लाभ नहीं मिल सका है।

विधायक का दावा ये कराए हैं काम

  •  कृषि विज्ञान केंद्र बदायूं में दूसरा
  • फायर स्टेशन 1952 के बाद अब खुला
  • उसावां में डिग्री कॅालेज का निर्माण
  • पुल और पुलियां निर्माण
  • 3 गोशालाएं
  • हिन्दुस्तान कम्पनी का सीएनजी का प्लांट
  • बदायूं दातागंज स्टेंट हाइवे घोषित कराया
  • पीएसी अवन्ती बाई आवास गृह योजना के कार्य
  • 125 करोड़ रुपये सैजनी में बिजली उपकेंद्र निर्माणाधीन सवा सौ करोड़
  • आईटीआई कॉलेज निर्माणाधीन हैं

बोले जनप्रतिनिधि

भाजपा विधायक द्वारा गिनाए गए कामों में से अधिकांश कार्य धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। छुट्टा गोवंश किसानों के लिए परेशानी बन गए हैं। रेलवे लाइन की मांग उठती रही, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। जमीन पर अवैध कब्जे के तमाम मामले हैं। विधायक ने स्टेडियम और चीनी मिल लगवाने का वायदा किया, जो अधूरा है। – रचित गुप्ता उर्फ सोनू भैया विधानसभा प्रभारी बसपा दातागंज

भाजपा विधायक ने कोई अस्पताल नहीं बनवाया है। मुंड़ा के पास पुल बना है, लेकिन एप्रोच नहीं बन सकी है। 10 करोड़ का भुगतान न होने से काम रूका है। पंचायत चुनाव में विकास न होने के कारण उनके सात प्रत्याशी हार गए। जनता को समय न देकर स्थानीय विधायक अपना व्यापार संभालते हैं। – कैप्टन अर्जुन सिंह यादव- संभावित प्रत्याशी सपा दातागंज

भाजपा विधायक ने जो काम शुरू कराए हैं वे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने जनता से जो वादे किए उन पर पूरी तरह खरे नहीं उतर सके। देवचरा से अटेना हाईवे की फाइल मैने तैयार कराई, लेकिन विधायक इसे मंजूरी नहीं दिला सके। बिनावर से फर्रूखाबाद को जोड़ने वाला था यह रोड। बेलाडांडी के पास सड़क भी बेकार है। किसान परेशान है डीएपी तक नहीं मिल सकी। – सिनोद शाक्य दीपू पूर्व विधायक एवं सपा नेता

विधायक ने कोई विशेष कार्य नहीं कराए हैं। जनता की शिकायतें मिल रही है कि विधायक उनके सुखदुख में भी खड़े नहीं होते हैं। जनप्रतिनिधि का काम है कि वह जनता की सेवा में रहे, लेकिन यहां कुछ नहीं होता है। जनता कहीं जाए विधायक को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। दातागंज से जो भी विधायक बने वह जनता की सेवा करे। – शैलेश पाठक पूर्व प्रत्याशी कांग्रेस दातागंज विधानसभा

मैने अपनी विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि, केंद्र और प्रदेश सरकार से करोड़ों रुपये के तमाम विकास कार्य कराए हैं। मै समझता हूं कि मंडल में उनकी विधानसभा में जितने काम हुए शायद ही किसी विधानसभा में हुए होगें। दातागंज के विकास कार्य मंडल की अन्य विधानसभा में सबसे ज्यादा है विरोधी कुछ भी कहे डबल इंजन की सरकार का फायदा क्षेत्रीय जनता को मिला हैं। – राजीव कुमार सिंह बब्बू – विधायक दातागंज

संबंधित समाचार