मुरादाबाद : अल्ट्रासाउंड सेंटर में महिला की मौत पर हंगामा
मुरादाबाद, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र के ताड़ीखाना स्थित एक्सरे-अल्ट्रासाउंड सेंटर व पैथलेब में महिला की मौत हो गई। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य इकट्ठा …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र के ताड़ीखाना स्थित एक्सरे-अल्ट्रासाउंड सेंटर व पैथलेब में महिला की मौत हो गई। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य इकट्ठा किए।
अमरोहा जनपद के कस्बा व थाना गजरौला के मोहल्ला मायापुरी निवासी आकाश वर्मा शराब की दुकान पर सेल्समैन हैं। उनके परिवार में पत्नी 28 वर्षीया शिवानी वर्मा तथा साढ़े तीन साल का बेटा अभय और आठ माह का शौर्य है। आकाश वर्मा ने बताया कि सात जनवरी को अचानक उनकी पत्नी शिवानी वर्मा की गर्दन में इंफेक्शन हो गया था। इसका अल्ट्रासाउंड कराने के लिए वह नगर में आए थे।
करीब डेढ़ बजे वह पत्नी को लेकर ताड़ीखाना चौराहे के पास स्थित निजी अस्पताल पहुंचे। शिवानी को कमरा नंबर छह में ले जाया गया। कुछ देर बाद ही वह चिल्लाती हुई बाहर आई। उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी और गले में सूजन आ गई थी। यह देख परिजनों के होश उड़ गए। जांच केंद्र के एक कर्मचारी के साथ परिजन तत्काल उसे लेकर निजी चिकित्सक के क्लीनिक पर पहुंचे, जहां पर डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत के बाद परिजन दोबारा जांच केंद्र पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि डॉक्टर ने खून का नमूना लेने के लिए जो इंजेक्शन लगाया है, उस के कारण मौत हुई है। इस पर चिकित्सक ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर कोतवाली अजय कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया। इसके बाद फारेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य इकट्ठा कराए गए।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर सेंटर के डॉ. सुधीर मिड्ढा का कहना है कि हमारे यहां इलाज नहीं होता, बल्कि जांच की जाती है। महिला की गर्दन में इंफेक्शन था। इसकी जांच के लिए सैंपल लिया गया था। इसके बाद उसकी मौत हो गई। ऐसा टीबी के कारण भी हो सकता है।
