लखनऊ: गणतंत्र दिवस को लेकर चौकन्नी हुईं जांच एजेंसियां, धारा-144 लागू…
लखनऊ। गणतंत्र दिवस को लेकर राजधानी में तैयारियों का दौर अंतिम चरण में पहुंच चुका है। वहीं गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर भी पुलिस व पुलिस की सभी एजेंसियां चाक-चौबंद हो गई हैं। गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर इंटेलिजेंस ब्यूरो की ओर से इस बार प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। …
लखनऊ। गणतंत्र दिवस को लेकर राजधानी में तैयारियों का दौर अंतिम चरण में पहुंच चुका है। वहीं गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर भी पुलिस व पुलिस की सभी एजेंसियां चाक-चौबंद हो गई हैं। गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर इंटेलिजेंस ब्यूरो की ओर से इस बार प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। वहीं संवेदनशीलता देखते हुए धारा-144 भी लागू की गई है।
चुनावी माहौल में गणतंत्र दिवस
प्रदेश में विधानसभा चुनाव-2022 की भी घोषणा हो चुकी है। वहीं लखनऊ में 23 फरवरी को मतदान की तिथि निर्धारित हुई है। चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू की गई है। गणतंत्र दिवस के मौके का फायदा उठाकर चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास हो सकता है।
चुनाव को प्रभावित करने की फिराक में अलकायदा
पिछले दिनों यूपी एटीएस ने लखनऊ से अलकायदा समर्थित अंसार गजवातुल हिंद आतंकी संगठन के दो आतंकियों समेत हथियार व विस्फोटक के तीन सप्लायर समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें अलकायदा से जुड़े आतंकी मिनहाज को काकोरी व मसरुद्दीन को मड़ियांव से गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा हथियार व विस्फोटक सप्लाई करने वाले वजीरगंज निवासी शकील, खदरा निवासी मुस्तकीम और ठाकुरगंज के मोहम्मद मोईद की भी धरपकड़ हुई थी।
पूछताछ में एटीएस को पता चला कि अलकायदा के निर्देश पर सभी चुनाव से पूर्व उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर बम विस्फोट करने की फिराक में थे। विस्फोट करने के लिए राजधानी समेत उत्तर प्रदेश के कई शहरों में संवेदनशील जगहों पर जाकर रेकी भी की थी। ऐसे में चुनाव से पूर्व गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी पुलिस एजेंसियों को चौकन्ना कर दिया गया है।
अंतर्जनपदीय व अंतर्राज्यीय बॉर्डर पर सघन चेकिंग
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रदेश में 95 विधानसभा क्षेत्रों को सेंसिटिव घोषित किया गया है। वहीं प्रदेश में सुरक्षा के लिए 107 अंतर्राष्ट्रीय व 469 अंतर्राज्यीय बैरियर बनाये गये हैं। लखनऊ में भी अंतर्जनपदीय बॉर्डर पर बैरिकेडिंग बनाकर सघन चेकिंग की जा रही है। डीजीपी के प्रवक्ता अभयनाथ त्रिपाठी ने बताया कि गणतंत्र दिवस व चुनाव को लेकर पुलिस व एजेंसियां सतर्क हैं। अभी डीजीपी कार्यालय से आधिकारिक रूप से अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
ये भी पढ़ें: हल्द्वानी: इंटरनेट की गड़बड़ी से बीच में छूट रही क्लास, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक परेशान
