मुरादाबाद : डंपर से कुचलकर युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर फूंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ठाकुरद्वारा/मुरादाबाद/अमृत विचार।  शुक्रवार सुबह रेत से भरे डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चला रहे युवक की डंपर से कुचलकर मौके पर मौत हो गई। आक्रोशित भीड़ ने डंपर में आग लगा दी। डंपर चालक फरार हो गया। वहीं घटना का वीडियो बना रहे बीडीसी सदस्य को भीड़ ने पीटा और …

ठाकुरद्वारा/मुरादाबाद/अमृत विचार।  शुक्रवार सुबह रेत से भरे डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चला रहे युवक की डंपर से कुचलकर मौके पर मौत हो गई। आक्रोशित भीड़ ने डंपर में आग लगा दी। डंपर चालक फरार हो गया। वहीं घटना का वीडियो बना रहे बीडीसी सदस्य को भीड़ ने पीटा और उसकी बाइक को भी फूंक दिया। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से उसे भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। फिर भीड़ ने मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर जाम लगा दिया।

भीड़ को बेकाबू होते देख पुलिस ने हवाई फायरिंग की। वैसे पुलिस ने फायरिंग से इनकार किया है। आगजनी, जाम व हंगामे की सूचना मिलते एसपी ट्रैफिक, सीओ ठाकुरद्वारा भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने भीड़ को समझाकर शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दमकल की दो गाड़ियों ने डंपर और बाइक में लगी आग को बुझाई। मृतक के ताऊ की तहरीर पर डंपर चालक समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

ठाकुरद्वारा-रतपुरा-करनपुर मार्ग पर वाहनों की लगी कतार
इससे ठाकुरद्वारा-रतपुरा-करनपुर मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हंगामे की सूचना पर एसपी यातायात अशोक कुमार, उप जिला अधिकारी परमानंद, सीओ कांठ महेश चंद गौतम, ठाकुरद्वारा सीओ अनूप सिंह, कोतवाली प्रभारी मोहित चौधरी, थाना डिलारी प्रभारी सुरेंद्र सिंह चार थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। भीड़ का कहना था कि इस मार्ग पर चौबीसों घंटे ओवरलोड डंपर तेज रफ्तार से दौड़ते रहते हैं। इनकी चपेट में आकर आधा दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। दो घंटे की मशक्कत के बाद अधिकारी ग्रामीणों को समझाने में कामयाब हो गए। इसके बाद उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के ताऊ रमेश सिंह की तहरीर पर गांव के ही डंपर चालक नफीस अहमद, अनीस अहमद, रफीक अहमद और बीडीसी सदस्य सफदर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बीडीसी सदस को हिरासत में ले लिया है। क्षेत्राधिकारी अनूप सिंह ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा के लिहजा से गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

ऋषिकांत का शव देख माता-पिता व बड़ा भाई हुआ बेहोश
जवान बेटे के बुरी तरह कुचले शव को देख पिता महेंद्र सिंह, मां ममकेस देवी और भाई दीपक बेहोश हो गए। वृद्ध ताऊ रमेश सिंह पाल, चाचा लाखन सिंह मौके पर ही पछाड़ खाकर गिर गए। अन्य परिजनों का भी रोते-बिलखते बुरा हाल था।

डंपर चालक के आवास पर पुलिस बल तैनात
हादसे के बाद सुरक्षा की दृष्टि से डंपर चालक के आवास पर भी पुलिस बल तैनात किया गया है। कोतवाली प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि आग से जले डंपर को खाली कराने के बाद सड़क से हटवा दिया है। साथ ही बराबर में धंसे दूसरे ट्रक और डंपर की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुई ट्रैक्टर-ट्राली को भी हटा दिया गया है।

चार थानों की पुलिस ने संभाले हालात
भाजपा के पूर्व सांसद सर्वेश कुमार सिंह के गांव में हुई घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गये। एसपी ट्रैफिक, एसडीएम और सीओ चार थानों की भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया।

आरोपी डंपर चालक की गिरफ्तारी के लिए लगाया जाम
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोपी डंपर चालक की गिरफ्तारी को लेकर बेकाबू भीड़ ने जाम लगा दिया। इससे पूर्व गांव का बीडीसी सदस्य सफदर अली बाइक लेकर वहां पहुंचा और जलते डंपर का वीडियो बनाने लगा। ग्रामीणों ने वीडियो बनाने का विरोध किया, मगर वह नहीं माना। इस पर भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी। किसी ने उसकी बाइक में भी आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पीआरवी और रानी नागल चौकी पुलिस ने किसी तरह बीडीसी सदस्य को आक्रोशित भीड़ के चुंगल से छुड़ाया। इसे लेकर भीड़ और अधिक आक्रोशित हो गई। बताया जाता है कि उत्तेजित भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस ने हवा में फायरिंग भी की। पुलिस का कहना है कि डंपर के टायरों के फटने की आवाज को लोगों ने फायरिंग समझ लिया।

50 मीटर तक घिसटता चला गया ऋषिकांत
ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र के गांव रतूपुरा निवासी महेंद्र सिंह पाल खेतीबाड़ी करते हैं। उनके परिवार में पत्नी गुड्डी देवी और बेटे दीपक व 21 वर्षीय ऋषिकांत उर्फ नन्हे हैं। छोटा बेटा ऋषिकांत शुक्रवार सुबह आठ बजे गन्ना भरने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर खेत जा रहा था। बाबू रामपाल सिंह स्मृति द्वार के पास सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली रोक कर मजदूरों का इंतजार कर रहा था, तभी ठाकुरद्वारा की दिशा से आ रहे रेत से भरे ओवरलोड डंपर चालक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त लगी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर तिरछी हो गई और ट्रैक्टर चला रहा ऋषिकांत डंपर के पहिए में फंस गया। वह करीब 50 मीटर तक घिसटता चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक ने डंपर को बैक करते हुए ऋषिकांत को कुचल दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। लोगों ने शोर मचाया तो चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते मृतक के परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में आसपास के आधा दर्जन से ज्यादा गांवों के लोग भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए। घटना से गुस्साई भीड़ ने डंपर में आग लगा दी।

जनप्रतिनिधियों ने शोकाकुल परिवार को बंधाया ढांढस
रतूपुरा के नन्हें की मौत से परिवार के लोग बेहद दुखी हैं। उनके आंसू नहीं थम रहे हैं। वह कोचिंग सेंटर में पढ़ता था। विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी ठाकुर अजय प्रताप सिंह और ब्लॉक प्रमुख पति डॉ. वीर सिंह सैनी ने मृतक के घर पहुंच कर उसके परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और शासन से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। पोस्टमार्टम के बाद ऋषिकांत उर्फ नन्हे का शव गांव पहुंचा तो एक फिर मातम छा गया। देर शाम गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

बढ़ती दुर्घटनाओं के कारण एक वर्ष पूर्व दिन में डंपर के आवागमन पर लगाया था प्रतिबंध
क्षेत्र में डंपरों की वजह से बढ़ती दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने दिन में संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया था। लेकिन कुछ समय बाद ही डंपर फिर से 24 घंटे सड़कों पर दौड़ने लगे। एक वर्ष पूर्व नगर के मुस्लिम इंटर कॉलेज के पास तेज रफ्तार डंपर से कुचल कर नगर के एक युवक की मौत हो गई थी। इससे दो दिन पहले भी डंपर से कुचल कर एक और युवक की मौत हुई थी। मुस्लिम इंटर कॉलेज के पास जाम लगा रहे लोगों ने वहां मौजूद सीओ डॉ. अनूप सिंह से क्षेत्र में डंपरो के चलने पर रोक लगाने की मांग की थी। जिस पर सीओ ने दिन में डंपरों के चलने पर प्रतिबंध लगा दिया था। पुलिस ने इसका कड़ाई से पालन भी कराया। क्षेत्रवासियों का कहना था कि यदि डंपर दिन में नहीं चलते तो शायद रतुपुरा में शुक्रवार को दुर्घटना नहीं होती। सीओ डॉ. अनूप सिंह का कहना है कि उन्हें डंपर से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए फिर से प्रतिबंध लगाना पड़ेगा।

किसी भी दूसरे प्रदेश की नदियों व स्टोन क्रेशर से रेत-बजरी को ट्रकों व डंपर से यूपी में प्रवेश करने पर 3.80 रुपये प्रति कुंतल टीपी का टैक्स जमा करना पड़ता है। बिना टीपी जमा किए यह अवैध तरीके से चोर रास्तों के जरिए यूपी में प्रवेश करते हैं। इसके लिए एक उड़नदस्ता टीम भी गठित की गई है जो समय समय पर अभियान चलाकर ऐसे डंपर चालकों को चिन्हित कर कार्रवाई करती है। -हरज्ञान सिंह, वन क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा

ये भी पढ़ें : रामपुर : मिलक में दिव्यांग दुकानदार की गोली मारकर हत्या

संबंधित समाचार