Australia Tour of Pakistan: 24 साल बाद पाकिस्तान पहुंची ऑस्ट्रेलियाई टीम, स्टीव स्मिथ-पैट कमिंस ने शेयर की फोटो

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इस्लामाबाद। ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम पिछले 24 वर्षों में अपने पहले पाकिस्तान दौरे पर रविवार को यहां पहुंची। छह सप्ताह के इस दौरे में आस्ट्रेलिया की टीम तीन टेस्ट, तीन वनडे और एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी बार 1998 में पाकिस्तान का दौरा किया था। तब उसने टेस्ट श्रृंखला 1-0 से जीती …

इस्लामाबाद। ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम पिछले 24 वर्षों में अपने पहले पाकिस्तान दौरे पर रविवार को यहां पहुंची। छह सप्ताह के इस दौरे में आस्ट्रेलिया की टीम तीन टेस्ट, तीन वनडे और एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी बार 1998 में पाकिस्तान का दौरा किया था। तब उसने टेस्ट श्रृंखला 1-0 से जीती थी जबकि सीमित ओवरों के सभी मैच जीते थे। श्रीलंका की टीम बस पर 2009 में आतंकी हमले के बाद विदेशी टीम पाकिस्तान का दौरा करने से कतराती रही हैं। ऑस्ट्रेलिया ने पांच साल पहले लाहौर में चर्च में आत्मघाती विस्फोट के बाद अपना दौरा रद कर दिया था। बता दें कि पैट कमिंस की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम चार्टर्ड फ्लाइट के तहत पाकिस्तान पहुंची है।

सुरक्षा अधिकारी ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के पाकिस्तान पहुंचने की पुष्टि की। ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम के उप-कप्तान स्टीव स्मिथ ने सबसे पहले ट्विटर पर एक तस्वीर पोस्ट करते हुए कहा कि कंगारू टीम पाकिस्तान पहुंच गई है।

 

पाकिस्तान ने पिछले छह वर्षों में जिम्बाब्वे, श्रीलंका, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी की है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया पहली शीर्ष टीम है जो पूर्ण द्विपक्षीय श्रृंखला के लिये पाकिस्तान का दौरा कर रही है। पिछले साल न्यूजीलैंड और इंग्लैंड दोनों ने सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान का दौरा रद कर दिया था। इन दोनों टीम को हालांकि इस साल के आखिर में पाकिस्तान दौरे पर आना है। ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच पहला टेस्ट मैच चार मार्च से रावलपिंडी में खेला जाएगा। कराची 12 से 16 मार्च तक दूसरे टेस्ट की मेजबानी करेगा और उसके बाद 21 से 25 मार्च तक लाहौर में तीसरा टेस्ट होगा। रावलपिंडी 29 मार्च से एकदिवसीय श्रृंखला की मेजबानी करेगा जबकि एकमात्र टी20 मैच पांच अप्रैल को खेला जाएगा।

ऐसा है सीरीज का शेड्यूल
पहला टेस्ट, 4-8 मार्च, रावलपिंडी
दूसरा टेस्ट, 12-16 मार्च, कराची
तीसरा टेस्ट , 21-25 मार्च, लाहौर
पहला वनडे, 29 मार्च, रावलपिंडी
दूसरा वनडे , 31 मार्च, रावलपिंडी
तीसरा वनडे , 2 अप्रैल, रावलपिंडी
इकलौता टी-20 , 5 अप्रैल, रावलपिंडी

ऑस्ट्रेलिया टेस्ट टीम: पैट कमिंस (कप्तान), एश्टन एगर, स्कॉट बोलैंड, एलेक्स केरी, कैमरून ग्रीन, मार्कस हैरिस, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुस्चगने, नाथन लियोन, मिशेल मार्श, स्टीव स्मिथ (वीसी) ), मिशेल स्टार्क, मार्क स्टेकेटी, मिशेल स्वेपसन, डेविड वार्नर। स्टैंडबाय पर: सीन एबॉट, ब्रेंडन डोगेट, निक मैडिन्सन, मैथ्यू रेनशॉ।

ऑस्ट्रेलिया वनडे और टी20 टीम: एरोन फिंच (कप्तान), सीन एबॉट, एश्टन एगर, जेसन बेहरेनडॉर्फ, एलेक्स कैरी, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मार्नस लाबुस्चगने, मिशेल मार्श, बेन मैकडरमोट, केन रिचर्डसन, स्टीव स्मिथ , मार्कस स्टोइनिस, एडम ज़म्पा।

ये भी पढ़ें : Russia- Ukraine War : फुटबॉल मैच के दौरान गले लगकर रोए यूक्रेन के खिलाड़ी, दिया ये संदेश

संबंधित समाचार