पीलीभीत: गन्ने की दलाली पड़ी भारी, सचिव ने कराई एफआईआर
पीलीभीत, अमृत विचार। एलएच चीनी मिल का पेराई सत्र बंद होने को है। किसानों का बाकी गन्ना खरीदने के बाद मिल को बंद करने की तैयारी है। इसी बीच दलाल भी सक्रिय हो गए हैं। किसानों से कम दाम पर गन्ना खरीदकर मुनाफा कमाने की जोर आजमाइश तेज कर दी है। इससे जुड़ा एक मामला …
पीलीभीत, अमृत विचार। एलएच चीनी मिल का पेराई सत्र बंद होने को है। किसानों का बाकी गन्ना खरीदने के बाद मिल को बंद करने की तैयारी है। इसी बीच दलाल भी सक्रिय हो गए हैं। किसानों से कम दाम पर गन्ना खरीदकर मुनाफा कमाने की जोर आजमाइश तेज कर दी है। इससे जुड़ा एक मामला संज्ञान में आने पर गन्ना समिति सचिव की ओर से कथित दलाल के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव प्रदीप कुमार अग्निहोत्री ने सुनगढ़ी पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 24 अप्रैल की रात करीब 11 बजे उनके मोबाइल पर एक ऑडियो क्लिप व सट्टे की पर्ची मोबाइल पर भेजी गई। इसमें कस्बा जहानाबाद निवासी भूप किशोर राठौर एक किसान से एलएच चीनी मिल के गेट पर सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य से कम पर गन्ना खरीद को लेकर बातचीत कर रहा था। वह किसानों से कम दाम पर गन्ना खरीदने का दबाव बना रहा था।
जोकि सरकार की मंशा के खिलाफ एवं किसान का शोषण किए जाने से जुड़ा है। ऑडियो का संज्ञान लेते हुए जानकारी जुटाई। सट्टे की पर्ची पर नाम पते का जिक्र था, जिसकी मदद से किसान से संपर्क कर पूरी जानकारी की गई। फिर मामला सीधे तौर पर गन्ने की दलाली से जुड़ा निकला। अधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद सचिव ने पुलिस को तहरीर दी। सुनगढ़ी पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की।
एक ऑडियो क्लिप प्राप्त हुई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए जांच कराई गई। जिसमें मामला किसानों से धोखाधड़ी से जुड़ा निकला। समिति सचिव की ओर से एफआईआर दर्ज करा दी गई है। — जितेंद्र कुमार मिश्रा, जिला गन्ना अधिकारी
इसे भी पढ़ें- पीलीभीत: दावत से लौट रहे बाइक सवार प्रधानाध्यापक की मौत, बेटी गंभीर
