मुख्यमंत्री धामी को जिताने के लिए चंपावत में दो-तीन करोड़ के तो झंडे-बैनर ही लग गये : करन माहरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि चंपावत में खुलकर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग हो रहा है। तय सीमा से कई गुना खर्च मुख्यमंत्री के चुनाव में भाजपा खर्च कर चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि दो-तीन करोड़ रुपये के झंडे-बैनर ही भाजपा ने चंपावत में लगा दिये हैं। इनकी शिकायत …

रुद्रपुर, अमृत विचार। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि चंपावत में खुलकर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग हो रहा है। तय सीमा से कई गुना खर्च मुख्यमंत्री के चुनाव में भाजपा खर्च कर चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि दो-तीन करोड़ रुपये के झंडे-बैनर ही भाजपा ने चंपावत में लगा दिये हैं। इनकी शिकायत की गई है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सरकार सत्ता के दम पर चंपावत उपचुनाव जीतना चाहती है। सत्ता की दबंगई दिखाई जा रही है लेकिन जनता इसका जवाब कांग्रेस को जिताकर देगी।

कांग्रेस जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये माहरा ने कहा चंपावत में कांग्रेस समर्थितों को धमकाया जा रहा है। उनके कारोबार से संबंधित कार्रवाई करने की धमकी दी जा रही है। रात में यदि कांग्रेस कार्यकर्ता झंडे बैनर लगा रहे हैं तो भाजपा कार्यकर्ता उन्हें उतारने में जुट जाते हैं लेकिन इन सबके बाद भी कांग्रेस वहां पर मजबूती से चुनाव लड़ रही है और जीत हासिल करेगी।
इससे पूर्व रुद्रपुर पहुंचने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का कांग्रेसियों ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व विधायक संजीव आर्या, कांग्रेस कार्यकारी जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, व्यापार प्रकोष्ठ के पूर्व अध्यक्ष पुष्कर राज जैन, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, कांग्रेस नेता अनिल शर्मा, सीपी शर्मा, संदीप चीमा, हरीश बावरा, सौरभ चिलाना, दिलीप अधिकारी, ममता रानी मौजूद रहे।