बरेली: छांव भूल जाएं यात्री, पुरानी अनुमति पर काट दिए 30 साल पुराने पेड़
अमृत विचार, बरेली। शहर की सड़कों से तो छायादार वृक्षों का कटान किया ही जा रहा था अब रेलवे स्टेशनों पर भी यात्रियों को छांव देने वाले पेड़ों पर आरी चलाई जा रही है। दो दिन पहले मुरादाबाद मंडल के पीतांबरपुर स्टेशन पर कई पेड़ काट दिए गए। वहीं, अब जंक्शन पर पांच हरे पाकड़ …
अमृत विचार, बरेली। शहर की सड़कों से तो छायादार वृक्षों का कटान किया ही जा रहा था अब रेलवे स्टेशनों पर भी यात्रियों को छांव देने वाले पेड़ों पर आरी चलाई जा रही है। दो दिन पहले मुरादाबाद मंडल के पीतांबरपुर स्टेशन पर कई पेड़ काट दिए गए। वहीं, अब जंक्शन पर पांच हरे पाकड़ के पेड़ उजाड़ दिए गए। चिंताजनक बात यह है कि यह सब कुछ उस वक्त हो रहा है, जब हम एक दिन बाद विश्व पर्यावरण दिवस मनाने वाले हैं और हरियाली बचाने के नाम पर पौधारोपण करेंगे।
बताया जा रहा है कि करीब 30 साल से यह पांच पाकड़ के पेड़ जंक्शन के एक नंबर प्लेटफार्म पर मौजूद थे। जिन पर रेलवे द्वारा आरी चला दी गई है। इन पेड़ों के नीचे बैठकर यात्री ठंडी छांव लिया करते थे। मगर अब केवल धूप बची है। हैरानी की बात यह है कि पेड़ काटने के लिए वन विभाग से अनुमति भी नहीं ली गई। दूसरी तरफ रेलवे के अधिकारी कह रहे हैं कि खतरे के चलते पेड़ों की केवल छटनी की गई है।
सीनियर डीसीएम मुरादाबाद रेल मंडल सुधीर सिंह ने बताया कि हाल ही में जंक्शन पर पाकड़ का पेड़ गिरने से ट्रेनों का संचालन बाधित हुआ था। जो पेड़ ओएचई के लिए खतरा बन रहे हैं, उनका सर्वे कराकर कटान कराया जा रहा है। वहीं एसएसई कार्य चमन सिंह बिजली विभाग द्वारा पेड़ों की कटाई करने की बात कह रहे हैं। पेड़ों के काटने की अनुमति पर वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि साल 2018 में पेड़ों के काटने की अनुमति रेलवे के अधिकारियों द्वारा दिखाई जा रही है। किसी प्रकार की नई अनुमति नहीं ली गई है। वन विभाग के अधिकारी जांच के बाद केस दर्ज करने की बात कह रहे हैं।
वैभव चौधरी, सदर वन रेंजर-
पेड़ काटने के लिए कोई नई अनुमति नहीं ली गई है। पूरे मामले में वन विभाग की टीम जांच करेगी। अगर अवैध रूप से पेड़ों का कटान स्टेशन पर हुआ है तो केस दर्ज किया जाएगा। 2018 की जो अनुमति दिखाई जा रही है उसकी भी जांच करेंगे कि जिन पेड़ों के लिए अनुमति ली गई थी क्या वास्तव में उन्हीं पेड़ों को काटा गया है।
ये भी पढ़ें- बरेली: अब 27 से 30 के मध्य होंगी पॉलिटेक्निक की प्रवेश परीक्षाएं
