हल्द्वानी: 7.78 करोड़ की लागत से चकाचक हो रही सड़कें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में आए दिन सड़कों में बने गड्ढों से होने वाली दुर्घटनाओं से अब लोगों को निजात मिल जायेगी। लंबे समय से हल्द्वानी की सड़कों की हालत इतनी खस्ताहाल हो चुकी है कि आये दिन यहां दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोक निर्माण विभाग को आये दिन शिकायतें मिलने के बाद विभाग ने …

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में आए दिन सड़कों में बने गड्ढों से होने वाली दुर्घटनाओं से अब लोगों को निजात मिल जायेगी। लंबे समय से हल्द्वानी की सड़कों की हालत इतनी खस्ताहाल हो चुकी है कि आये दिन यहां दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोक निर्माण विभाग को आये दिन शिकायतें मिलने के बाद विभाग ने नवीनीकरण और पेंचवर्क का काम शुरू कर दिया है।

इसके लिए विभाग को 7.78 करोड़ रुपये का बजट मिला है, जिससे विभाग लगभग 50 फीसदी काम पूरा कर चुका है। लोक निर्माण विभाग की ओर से इन दिनों बरसात से पहले शहर की सड़कों को चमकाने का काम किया जा रहा है। ऐसे में विभाग शहर में जगह-जगह सड़कों में बने गड्ढों को भरने के साथ ही उनका नवीनीकरण भी कर रहा है।

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शहर की 47 सड़कों में लगभग 96.89 किमी पेंचवर्क किया जाना था। इसके लिए विभाग को 1.45 करोड़ रुपये का बजट मिला। इसमें विभाग पिछले एक माह में 23.66 किमी काम पूरा कर चुका है। इधर, 14 सड़कों में 50 किमी तक नवीनीकरण का काम किया जाना तय था, जिसके लिए विभाग को 6.33 करोड़ का बजट मिला। इसके तहत विभाग अभी तक 32.91 किमी काम पूरा कर चुका है।

लोक निर्माण विभाग की ओर से सालभर सड़कों में पेंचवर्क और नवीनीकरण का काम चलता रहता है। हालांकि विभाग का लक्ष्य रहता है कि वह बरसात से पहले सड़कों से संबंधित सभी काम समय पर पूरा कर लें।
-अशोक चौधरी, अधिशासी अभियंता, लोनिवि