छत्तीसगढ़: 105 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बोरवेल से बाहर आया 11 साल का राहुल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले के पिहरीद गांव में लगभग 105 घंटे तक चले राहत एवं बचाव कार्य के बाद बोरवेल में गिरे 11 वर्षीय बालक काे सुरक्षित निकाल लिया गया। राहुल नाम का यह बालक 10 जून को दोपहर में मालखरौदा ब्लाक के अधीन आने वाले पिहरीद गांव में एक बोरवेल में गिर …
रायपुर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले के पिहरीद गांव में लगभग 105 घंटे तक चले राहत एवं बचाव कार्य के बाद बोरवेल में गिरे 11 वर्षीय बालक काे सुरक्षित निकाल लिया गया। राहुल नाम का यह बालक 10 जून को दोपहर में मालखरौदा ब्लाक के अधीन आने वाले पिहरीद गांव में एक बोरवेल में गिर गया था। इसके बाद से ही उसे बचाने के प्रयास शुरू हुए। अथक प्रयासों के चलते लगभग 60 फीट गहरे गड्ढे से देर रात राहुल को सुरक्षित निकाल लिया गया।
इस दौरान बालक को बोरवेल के अंदर ही ऑक्सीजन और पानी इत्यादि पहुंचाने के जतन किए गए। बालक के सुरक्षित निकलने के बाद पिता लाला साहू, माता गीता और परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सभी की आंखों से खुशी के आंसू झर झर बहने लगे। परिजनों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, जिला प्रशासन और राहत एवं बचाव कार्य में लगे सभी लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
राहुल को बचाने के लिए क्रेन और आधुनिक मशीनों की मदद से बोरबेल के समानांतर लगभग 65 फीट गड्डा खाेदा गया और वहां पहुंची राहत एवं बचाव टीम ने राहुल को बड़ी ही सावधानी से सुरक्षित निकाला। फिलहाल राहुल को चिकित्सकीय देखरेख में रखा गया है। मुख्यमंत्री बघेल ने राहुल साहू के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि बालक को बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके लिए घटनास्थल से बिलासपुर तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। बघेल ने साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य में मैदानों में खुले हुए बोरवेल को बंद करवाया जाए।
ये भी पढ़ें- पति को मिली बेवफाई की सजा, पराई औरत के साथ घुमना पड़ा भारी, पत्नी ने दोनों को अर्धनग्न कर गांव में घुमाया
