मुरादाबाद : फहीम एटीएम के सीने में दफन हैं गहरे राज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुठभेड़ में हत्थे चढ़े शातिर फहीम एटीएम के सीने में गहरे राज दफन हैं। 20 घंटे से अधिक समय तक कुरेदने के बाद भी कुख्यात ने न तो अपनी दूसरी बीवी के बाबत ठोस सूचना दी और न ही उन मददगारों के नाम उगले, जिन्होंने साया बनकर फरारी के दौरान फहीम की …

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुठभेड़ में हत्थे चढ़े शातिर फहीम एटीएम के सीने में गहरे राज दफन हैं। 20 घंटे से अधिक समय तक कुरेदने के बाद भी कुख्यात ने न तो अपनी दूसरी बीवी के बाबत ठोस सूचना दी और न ही उन मददगारों के नाम उगले, जिन्होंने साया बनकर फरारी के दौरान फहीम की मदद की। फहीम के सीने में दफन राज का पर्दाफाश करने की कोशिश में पाकबड़ा पुलिस ने कुख्यात को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने की योजना बनाई है। शुक्रवार को जिला अस्पताल से जेल भेजे गए फहीम को पीसीआर पर लेने की कोशिश पुलिस ने तेज कर दी है।

फरार होने के लिए नेहा ने ऑनलाइन 3200 रुपये में बुक की थी कार
फहीम ने पाकबड़ा पुलिस को बताया कि उसकी दूसरी बीवी अमरोहा की रहने वाली नेहा ने फरार होने की पटकथा लिखी थी। योजना के तहत उसके छोटे भाई की मकान के पीछे की दीवार में पहले ही कूमल काट दी गई। इसके बाद नेहा ने इंटरनेट की मदद से 3,200 रुपये में एक कार बुक की। संबंधित कंपनी को नेहा ने बताया था कि वह कार हापुड़ जाने के लिए बुक कर रही है। कूमल के रास्ते फरार दंपती किराए की कार पर सवार होकर सिर्फ गजरौला तक गए। वहां किराए की कार से उतर कर फहीम व उसकी पत्नी सरकारी बस से दिल्ली निकल गए। वहां दंपती लगातार जगह बदल कर रात व दिन काटते रहे। दिल्ली के अलावा दंपती ने नोयडा व एनसीआर में फरारी के दिन काटे। पुलिस को यकीन है कि फहीम मुंबई भी गया था। हालांकि फहीम ने यह बात फिलहाल सीधे तौर पर कबूल नहीं की है। फहीम की पत्नी नेहा अभी भी फरार है। पाकबड़ा पुलिस नेहा की तलाश में जुटी है।

कुख्यात पर 100 से अधिक मुकदमे दर्ज
मुरादाबाद। करोड़ों की चोरी, लूट व हत्या जैसे गंभीर वारदात को अंजाम देने के आरोप में 100 से भी अधिक मुकदमों का सामना कर रहा फहीम एटीएम छह मई को बिजनौर पुलिस की लापरवाही के कारण हाशमपुर चौराहे से फरार हो गया। फहीम की फरारी के जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ उच्चाधिकारियों ने एक तरफ जहां कठोर विभागीय कार्रवाई शुरू की तो दूसरी तरफ कुख्यात को दोबारा दबोचने का प्रयास शुरू हुआ। 42 दिनों के अंतराल बाद गुरुवार देर शाम पुलिसिया कोशिश को मुक्कमल अंजाम मिला। पाकबड़ा स्थित दिल्ली रोड पर पुलिस ने फहीम को घेरने की कोशिश की, तब उसने एसओजी टीम पर फायर झोंक दिया। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से फहीम भाग नहीं सका। उसके कब्जे से सहारनपुर नंबर की एक कार व एक तमंचा बरामद करते हुए एसओजी व पाकबड़ा पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। बरेली जोन के एडीजी राजकुमार ने 10 जून को ही फहीम की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये की इनामी राशि की घोषणा कर दी थी। फहीम एटीएम मुरादाबाद समेत पश्चिम यूपी, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब के अलावा दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों में सराफा का कारोबार करने वालों के बीच आज भी आतंक का पर्याय है। फहीम की गिरफ्तारी मुरादाबाद पुलिस की बड़ी कामयाबी है।

कार के नंबर प्लेट और चेचिस नंबर में अंतर
छानबीन में पता चला कि फहीम से जो सफेद कार पुलिस ने बरामद की है, उसके नंबर प्लेट व चेचिस नंबर में अंतर है। ऐसे में बरामद कार चोरी का होने का संदेह है। चेचिस नंबर की मदद से पुलिस कार के असली मालिक तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। कार की नंबर प्लेट पर यूपी 11 एडी 3212 चस्पा मिला। मोटरव्हीकल एप से पता चला कि 2011 मॉडल की कार 11 साल तीन माह व 23 दिन पुरानी है। नंबर प्लेट के मुताबिक कार का मालिक गुनीत पाल सिंह सहारनपुर का रहने वाला है। पाकबड़ा थाना प्रभारी ने नंबर प्लेट व चेचिस में अंतर की बात कबूली।

एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने कहा कि गोली से घायल फहीम शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। उसे पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने की तैयारी हो रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद भी फहीम के मददगारों के नाम उजागर हो सकेंगे। फहीम की पत्नी नेहा की तलाश में छापेमारी जारी है।

ये  भी पढ़ें : मुरादाबाद : सास, बेटा-बहू सम्मेलन जगाएंगे परिवार नियोजन की अलख

संबंधित समाचार