महाराष्ट्र के रायगढ़ में मिली ऑस्ट्रेलियाई नागरिक की नाव, तीन AK 47 समेत कई हथियार बरामद, फडणवीस बोले- आतंकी एंगल की पुष्टि नहीं
(मुंबई) महाराष्ट्र। हरिहरेश्वर बीच के पास एक संदिग्ध नाव मिलने के बाद रायगढ़ जिले और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस की जांच चल रही है। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नाव एक ऑस्ट्रेलियाई नागरिक की है। समुद्र में नाव का इंजन फटा, नाव से लोगों …
(मुंबई) महाराष्ट्र। हरिहरेश्वर बीच के पास एक संदिग्ध नाव मिलने के बाद रायगढ़ जिले और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस की जांच चल रही है।
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नाव एक ऑस्ट्रेलियाई नागरिक की है। समुद्र में नाव का इंजन फटा, नाव से लोगों को निकाला गया, यह अब हरिहरेश्वर समुद्र तट पर पहुंच गया है। आगामी त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। नाव से 3 एके-47 राइफल मिलीं। आधी टूटी हालत में नाव उच्च ज्वार के कारण कोकण तट की ओर आ गई। केंद्रीय एजेंसियों को सूचित किया गया है। ATS भी इस पर काम कर रही है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल तैनात किए जाएंगे। सभी आवश्यक सावधानियां बरती गई हैं। किसी आतंकी एंगल की पुष्टि नहीं हुई है। सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है।
महाराष्ट्र के हरिहरेश्वर तट (रायगढ़ जिला) पर समुद्र में संदिग्ध नाव मिलने से हड़कंप मच गया है। नाव पर AK 47, राइफलें और कुछ कारतूस मिले हैं। इसके अलावा नाव में विस्फोटक भी था। इसके बाद पूरे रायगढ़ जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने हथियारों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने नाव को अपने कब्जे में ले लिया है. यह नाव समुद्र के किनारे मिली है। पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है। जहां पर ये नाव मिली है, वह जगह मुंबई से 200 किमी और पुणे से 170 किमी दूर है।
जन्माष्ठमी से एक दिन पहले और गणेश चतुर्थी से कुछ दिन पहले रायगढ़ में संदिग्ध नाव का मिलना और नाव से भारी मात्रा में हथियार बरामद होना बड़ा सवाल पैदा कर रहा है। रायगढ़ विधायक अदिति तटकरे ने कहा कि रायगढ़ इलाके में संदिग्ध नाव का मिलना निसंदेह चिंताजनक है। पुलिस इस मामले में अपने स्तर पर जांच कर रही है। जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।
महाराष्ट्र के रायगढ़ के एसपी अशोक ने जानकारी दी कि हरिहरेश्वर समुद्री तट से पुलिस को संदिग्ध नाव मिली है। नाव की जब तलाशी ली गई तो उसमें से राइफल, जिंदा कारतूस और गोला-बारूद बरामद हुआ है। पुलिस सूत्रों का मानना है कि इसके पीछे बड़ी आतंकी साजिश हो सकती है।
रायगढ़ प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि इस मामले में किसी भी तरह की अफवाह से बचें और ऐसा माहौल न फैलाएं जिससे लोगों में डर का माहौल पैदा हो। प्रशासन और पुलिस अपने स्तर पर इस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है।
रायगढ़ से विधायक अदिति तटकरे ने मीडिया को जानकारी दी कि यह मामला काफी संगीन है। इसलिए जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। विधानसभा में भी मैंने यह मुद्दा उठाया था। स्पीकर ने बताया कि डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस जो गृह मंत्रालय भी देख रहे हैं। वो इस मामले में अपने स्तर पर जांच के आदेश दे चुके हैं।
ये भी पढ़ें : देश विरोधी कंटेंट दिखाने पर एक्शन, केंद्र सरकार ने 8 YouTube चैनल किए ब्लॉक, देखें लिस्ट
