G.O.A.T India Tour 2025: कोलकाता पर चढ़ा Messi का खुमार, आधी रात स्वागत के लिये उमड़ें हजारों फुटबॉलप्रेमी 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

कोलकाता। दिसंबर की सर्दी के बावजूद हजारों की संख्या में प्रशंसक आधी रात को अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियानेल मेस्सी का स्वागत करने पहुंचे जो भारत में तीन दिन के भीतर चार शहरों के ‘जीओएटी भारत दौरा 2025’ के लिये यहां पहुंचे। बार्सीलोना के सुपरस्टार मेस्सी शनिवार को तड़के दो बजकर 26 मिनट पर यहां पहुंच गए और अपने फुटबॉल प्रेम के लिये मशहूर पूरा शहर मेस्सी के खुमार में डूब गया है। 

अंतरराष्ट्रीय आगमन द्वार पर उनके नाम की गूंज, अर्जेंटीना के झंडे और फोन की फ्लैश लाइट देखी जा सकती थी । प्रशंसक एक दरवाजे से दूसरे दरवाजे के बीच दौड़ते रहे ताकि अपने पसंदीदा खिलाड़ी की एक झलक पा सकें । कइयों ने बच्चों को कंधों पर उठा रखा था। भारी सुरक्षा के बीच मेस्सी वीआईपी गेट से बाहर निकल गए। एक बड़े काफिले के साथ वह होटल तक पहुंचे जहां भी सैकड़ों प्रशंसक मौजूद थे। 

जगह जगह बैरीकेड लगाये हुए थे और भारी तादाद में पुलिस बल भी तैनात था। मेस्सी के साथ लंबे समय से उनके साथी स्ट्राइकर रहे लुई सुआरेज और अर्जेंटीना के साथी रौद्रिगो डि पॉल भी पहुंचे हैं। वह अगले 72 घंटे में कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली जायेंगे जहां मुख्यमंत्रियों, कारपोरेट दिग्गजों, बॉलीवुड कलाकारों और सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे। 

वर्चुअली प्रतिमा का अनावरण

अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के प्रवेश द्वार वीआईपी रोड पर अपनी 70 फीट ऊंची लोहे की प्रतिमा का अनावरण किया। यह दुनिया में किसी भी फुटबॉलर की सबसे ऊंची प्रतिमा है। यह प्रतिमा नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगभग चार किलोमीटर दक्षिण में वीआईपी रोड-लेक टाउन क्रॉसिंग पर बिग बेन क्लॉक टॉवर के पास लगायी गयी है। 

एक प्राइवेट जेट में सवार होकर भारत आए मेसी ने कुछ घंटों बाद हयात रीजेंसी होटल से वर्चुअली इस प्रतिमा का अनावरण किया। यहां वह अपने दल के साथ ठहरे हुए हैं, जिसमें इंटर मियामी के कई खिलाड़ी भी शामिल हैं। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान अनावरण के समय मौजूद थे। 

यह प्रतिमा 2022 में फ़ीफ़ा विश्व कप पकड़े हुए मेसी की एक तस्वीर की प्रतिकृति है। कलाकार मिंटू पाल ने इसे 40 दिनों में तैयार किया है। व्यक्तिगत रूप से इस मूर्ति के लिए पहल करने वाले पश्चिम बंगाल के अग्निशमन विभाग मंत्री सुजीत बोस ने दावा किया कि यह दुनिया में किसी भी फुटबॉलर की सबसे ऊंची प्रतिमा है। 

ये भी पढ़े : 
Messi India Tour: भारत में धूम मचाने को तैयार मेस्सी, कोलकाता में होगा भव्य स्वागत, एक क्लिक में जानें पूरा शेड्यूल

सोर्स : (भाषा) 

संबंधित समाचार