बिजनौर : शराब की बोतल लेकर ड्यूटी करने पहुंचा चिकित्सक, महिला कर्मचारियों ने दुर्व्यवहार का लगाया आरोप
नजीबाबाद (बिजनौर),अमृत विचार। सरकार भले ही स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने का लाख प्रयास करें, लेकिन नशेड़ी चिकित्सकों की बदौलत स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से चरमरा गई हैं जो नशे की हालत में अन्य कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। बरेली से ट्रांसफर होकर आया चिकित्सक शराब की बोतल लेकर अस्पताल में पहुंचा और अस्पताल में …
नजीबाबाद (बिजनौर),अमृत विचार। सरकार भले ही स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने का लाख प्रयास करें, लेकिन नशेड़ी चिकित्सकों की बदौलत स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से चरमरा गई हैं जो नशे की हालत में अन्य कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। बरेली से ट्रांसफर होकर आया चिकित्सक शराब की बोतल लेकर अस्पताल में पहुंचा और अस्पताल में पीकर लुढ़क गया। नशे में धुत होकर महिला कर्मचारियों ने चिकित्सक पर दुर्व्यवहार का आरोप भी लगाया है।
पिछले एक माह पूर्व स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकों के बड़े पैमाने पर तबादले किए गए थे, जिसमें बरेली से डॉ. गोपाल वर्मा को नजीबाबाद की सीएचसी समीपुर में भेजा गया था। अस्पताल कर्मियों की मानें तो जॉइनिंग के बाद अवकाश पर चला गया था, जो शुक्रवार को अपने साथियों के साथ अस्पताल में वापस आया। बताया जाता है कि नवनियुक्त डॉक्टर ने आते ही चिकित्सा अधीक्षक के कमरे में बैठकर दारु पीने लगा और नशे में ही पास पड़े बेड पर लेट गया। किसी तरह पहले दिन तो कर्मचारियो ने मामला दबा लिया लेकिन आरोप है कि अगले दिन फिर से नशे में धुत होकर डीपीएमयू यूनिट में पहुंच गया, जहां पर महिला कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। डॉक्टर ने नशे की हालत में वीडियो बनाने पर मीडियाकर्मी का भी पीछा किया जो बाल-बाल बच गया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जुबैर अहमद का कहना है कि घटना से आला अधिकारी को अवगत करा दिया है। अधिकारियों के आदेशानुसार ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
महिला कर्मचारियों का सुरक्षित वातावरण न होने तक काम से इंकार
नशे में धुत डॉक्टर की हरकत से परेशान महिला कर्मचारियों ने सुरक्षित वातावरण न होने तक काम करने से इंकार कर दिया। महिला कर्मचारी मोनिका, नीतू आदि का कहना है कि वह डीपीएमएयू यूनिट में कागजात जमा करने के लिए आई थी, लेकिन नशे में धुत डॉक्टर ने दुर्व्यवहार किया है। सूचना पर अस्पताल में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के लोग भी पहुंच गए, जिन्होंने महिला कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने पर चिकित्सक की जमकर क्लास लगाई। विद्यार्थी परिषद ने डॉक्टर को न हटाने पर सीएमओ ऑफिस में सोमवार से धरने का ऐलान किया है।
वीडियो बनाने पर किया पीछा
नशे की हालत में बैड पर लेटे जब डॉक्टर की आंख खुली तो वह बैड से उठते ही वीडियो बनाने वाले मीडिया कर्मी पर टूट पड़ा।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
अस्पताल में हंगामा और अफरातफरी के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय कुमार गोयल का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया है, डॉक्टर को नजीबाबाद से हटाकर अवकाश पर भेजा गया है। मामले की जांच पड़ताल के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : बिजनौर : रेलकर्मी ने तीन बच्चों की मां को उतारा मौत के घाट, आरोपी फरार
