बिहार में नीतीश के नेतृत्व वाली ‘महागठबंधन’ सरकार ने विधानसभा में साबित किया बहुमत
पटना। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली ‘महागठबंधन’ सरकार ने बुधवार को विधानसभा में बहुमत साबित कर दिया। इस दौरान उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा, हम लोग क्रिकेटर हैं…और हमारी (आरजेडी व जेडीयू) जोड़ी धमाल मचाने वाली है। इससे पहले नीतीश ने आरजेडी व अन्य सहयोगी दलों के समर्थन से 10 अगस्त को …
पटना। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली ‘महागठबंधन’ सरकार ने बुधवार को विधानसभा में बहुमत साबित कर दिया। इस दौरान उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा, हम लोग क्रिकेटर हैं…और हमारी (आरजेडी व जेडीयू) जोड़ी धमाल मचाने वाली है। इससे पहले नीतीश ने आरजेडी व अन्य सहयोगी दलों के समर्थन से 10 अगस्त को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
दो हफ्ते पहले बीजेपी से गठबंधन तोड़ आरजेडी के नेतृत्व वाले महागठबंधन के साथ मिलकर सरकार बनाने वाले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को विधानसभा में बीजेपी के वॉकआउट के बीच ध्वनिमत से बहुमत साबित किया। सरकार के आग्रह पर वोटिंग की प्रक्रिया शुरू कराई गई, जिस पर बीजेपी के विधायकों ने लौटकर विरोध जताया और दोबारा सदन से वॉकआउट कर गए। सरकार के पक्ष में 160 वोट पड़े और विपक्ष में शून्य वोट।
विधानसभा में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 2020 में हमने कहा था कि ज्यादा सीट आप जीते हैं तो आपका मुख्यमंत्री बनना चाहिए। लेकिन मुझ पर दवाब दिया गया कि आप ही संभालिए।…हमारी पार्टी के लोगों ने तय किया तो हम जहां पहले थे वहां चले गए। अब हमारा संकल्प है कि हम मिलकर बिहार का विकास करेंगे। हमें देश भर की पार्टियों के लोगों ने फोन कर कहा कि आपने सही निर्णय लिया है। हमने कहा कि सब मिल कर लड़ेंगे तो 2024 भी जीतेंगे। दिल्ली से कुछ काम नहीं हो रहा सिर्फ प्रचार हो रहा है, लोगों की आय घट रही है।
इससे पहले सदन में अपने भाषण के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए छोड़कर महागठबंधन की सरकार बनाने को लेकर कहा कि वहां मेरा सम्मान नहीं था। विधानसभा में बोलते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और आडवाणी जैसे नेताओं ने मुझे सम्मान दिया था। मैंने भाजपा से ताल्लुक 2013 में तब खत्म किया, जब इन नेताओं को किनारे लगाया जाने लगा था। नीतीश कुमार ने अपने भाषण में पीएम नरेंद्र मोदी सीधे निशाना साधा। नीतीश कुमार ने कहा कि आज दिल्ली में लोग प्रचार-प्रसार में ही व्यस्त हैं। उन्होंने इस दौरान 2024 का प्लान भी पेश किया और कहा कि एकजुट विपक्ष ही पीएम नरेंद्र मोदी को चुनौती देगा।
विधानसभा में बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि BJP के साथ रहे तो राजा हरिश्चंद्र बन जाएंगे और हाथ छोड़ देंगे तो भ्रष्टाचारी।..मैं विदेश जाता हूं तो मुझ पर लुकआउट नोटिस लगता है, लेकिन मेहुल चोकसी, नीरव मोदी, ललित मोदी और विजय माल्या पर लुकआउट नहीं था। ये हजारों करोड़ लेकर भाग गए।
ये भी पढ़ें : हिमाचल प्रदेश के लोगों को कल केजरीवाल की दूसरी गारंटी देगी ‘आप’
