छत्तीसगढ़: आठ लाख के इनामी नक्सली समेत नौ ने किया आत्म समर्पण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

छत्तीसगढ़/ जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में चलाये जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत नौ नक्सलियों ने आत्म समर्पण कर दिया है। जिसमें 8 लाख और 3 लाख के इनामी नक्सली शामिल है। कांकेर के पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने बताया कि सीसी प्रोटेक्शन कंपनी नंबर 7 का सदस्य 8 लाख का इनामी …

छत्तीसगढ़/ जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में चलाये जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत नौ नक्सलियों ने आत्म समर्पण कर दिया है। जिसमें 8 लाख और 3 लाख के इनामी नक्सली शामिल है। कांकेर के पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने बताया कि सीसी प्रोटेक्शन कंपनी नंबर 7 का सदस्य 8 लाख का इनामी नक्सली महिपाल आंचला (34) निवासी ग्राम जुंगड़ा थाना कोयलीबेड़ा ने कल यहां स्टेन कार्बाइन रायफल पुलिस को सौंपाकर आत्म समर्पण कर दिया।

आत्म समर्पित नक्सली क्षेत्र में कार्तिक उर्फ राकेश उर्फ विस्वा उर्फ विनय के नाम से भी नक्सली संगठन में काम कर चुका है। दंतेवाड़ा जिले के उप पुलिस महानिरीक्षक कमलोचन कश्यप ने बताया कि लोन वर्राटू अभियान से प्रभावित होकर 27 जवानों की हत्या की घटना में शामिल तीन लाख की इनामी महिला नक्सली ने आत्म समर्पण किया है। इधर सुकमा पुलिस द्वारा चलाये जा रहे पूना नर्कोम से प्रभावित होकर नक्सली संगठन में सक्रिय सात जनमिलिशिया सदस्यों ने आज पुलिस के समक्ष समर्पण कर दिया है।

सभी नक्सली जिले के भेज्जी इलाके में सक्रिय थे। आत्म समर्पित नक्सलियों के खिलाफ थाना एर्राबोर क्षेत्र में घटित विभिन्न नक्सली गतिविधियों में शामिल रहे हैं। पुलिस के अनुसार मिलिशिया सदस्य मड़कम मासा, माड़वी हिरमा, मड़कम भीमा, मड़कम बण्डी, मड़कम नंदा, सोड़ी जोगा और लछिन्दर ने पुलिस के समक्ष आत्म समर्पण कर दिया।

ये भी पढ़ें:-छत्तीसगढ़: हाथी के हमले में एक युवक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर