भूमि अधिग्रहण : ढाई लाख बिस्वा मुआवजे पर जमीन देने को तैयार नहीं किसान
अमृत विचार, अयोध्या। नव्य अयोध्या बसाने की कवायद के तहत जमीन अधिग्रहण को लेकर मंगलवार को तिहुरा माझा के ग्राम पंचायत सचिवालय पर आयोजित बैठक बेनतीजा रही। प्रशासनिक अधिकारी की मौजूदगी में किसानों और आवास विकास परिषद के अधिकारियों के बीच कई राउंड वार्ता हुई। आवास विकास अधिग्रहण के लिए प्रति बिस्वा ढाई लाख रुपया …
अमृत विचार, अयोध्या। नव्य अयोध्या बसाने की कवायद के तहत जमीन अधिग्रहण को लेकर मंगलवार को तिहुरा माझा के ग्राम पंचायत सचिवालय पर आयोजित बैठक बेनतीजा रही। प्रशासनिक अधिकारी की मौजूदगी में किसानों और आवास विकास परिषद के अधिकारियों के बीच कई राउंड वार्ता हुई।
आवास विकास अधिग्रहण के लिए प्रति बिस्वा ढाई लाख रुपया देने की बात कह रहा है। वहीं किसान प्रति बिस्वा चार लाख रुपया मुआवजा को लेकर अड़े हैं। किसानों का कहना है कि पूरे परियोजना में सभी किसानों को एक समान मुआवजा दिया जाए।
आवास विकास परिषद फोरलेन बाइपास किनारे नव्य अयोध्या टाउनशिप की स्थापना के लिए जमीन अधिग्रहण की कवायद में जुटा है। काफी जमीनों का आपसी सहमति के आधार पर रजिस्ट्री कराई जा चुकी है और शेष जमीनों के लिए किसानों से वार्ताओं का दौर जारी है। मंगलवार को आवास विकास परिषद की ओर से वार्ता और सहमति के लिए मांझा बरेहटा और मांझा तिहुरा के किसानों को ग्राम पंचायत सचिवालय पर बुलाया था।
एडीएम वित्त महेंद्र सिंह, एआरओ राम कुमार शुक्ला की मौजूदगी में आवास विकास के अधिशाषी अभियंता ओम प्रकाश पांडेय ने किसानों से वार्ता की। कहा कि विभाग प्रति बिस्वा ढाई लाख रुपया मुआवजा देगा। किसानों की मांग रही कि कम से कम चार लाख रुपया प्रति बिस्वा मुआवजा दिया जाए तभी हम अपनी जमीन देंगे।
किसान नेता अरविंद यादव ने बताया कि परियोजना में शामिल सभी गांव के किसानों को एक समान मुआवजा दिया जाए तभी किसान अपनी जमीन देंगे। आवास विकास परिषद के अधिशषी अभियंता ओम प्रकाश पांडेय ने बताया कि आपसी सहमति के लिए फिर से वार्ता होगी। इस दौरान किसान जंग बहादुर उपाध्याय, बाबू राम यादव, पूर्णमासी माझी, शिवराज, सोवई निषाद, प्रधान रामकरन यादव समेत अन्य मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- कानपुर: 93 किमी. लंबी रिंग रोड का होगा निर्माण, 13 गांवों की भूमि अधिग्रहण की सूचना जारी
