हरदोई: हमला कर सरेआम लूट करने वाले लुटेरे गिरफ्तार, दंपति से की थी वारदात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई, अमृत विचार। बारात से वापस लौट रहे पति-पत्नी को सरेआम हमला कर लूटपाट करने वाले लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को हुई इस वारदात के बाद से पुलिस के अलावा सीओ बघौली की क्राइम ब्रांच और एसओजी की टीमें लुटेरों की सरगर्मी से तलाश में जुटी हुई थी। बताते चलें …

हरदोई, अमृत विचार। बारात से वापस लौट रहे पति-पत्नी को सरेआम हमला कर लूटपाट करने वाले लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को हुई इस वारदात के बाद से पुलिस के अलावा सीओ बघौली की क्राइम ब्रांच और एसओजी की टीमें लुटेरों की सरगर्मी से तलाश में जुटी हुई थी।

बताते चलें कि मल्लावां कोतवाली के राघवपुर निवासी मोहम्मद वहीद अपनी पत्नी रमज़ानो और साली के साथ बारात में सण्डीला गया हुआ था। सोमवार को वह साली को अपनी ससुराल कछौना कोतवाली के गढ़ी में छोड़ने के लिए पत्नी व साली के साथ कमालपुर के पास बस से उतर कर गढ़ी पैदल जा रहा था। इसी बीच रास्ते में बाइक सवार लुटेरों ने उसे रोका और पकड़ कर तमंचे की बट और किसी धारदार हथियार से हमला करते हुए ज़ख्मी करते हुए पत्नी रमज़ानो के पास से ज़ेवर और मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने मोहम्मद वहीद की तहरीर पर धारा 394 के तहत मामला दर्ज करते हुए छानबीन शुरू कर दी।

एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि आपरेशन चक्रव्यूह के तहत वारदात के जल्द खुलासे के लिए कछौना कोतवाली की पुलिस, सीओ बघौली की क्राइम ब्रांच व एसओजी टीम को लगाया गया था। इसके लिए वहां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाले गए। इसी बीच बुधवार को छानबीन कर रही पुलिस को मुखबिर से पता चला कि कछौना कोतवाली के फेस-2 के रोड नंबर-1 की मोड़ पर दो युवक किसी फिराक में खड़े है।

इस पर एसएचओ कछौना संदीप कुमार सिंह,एसओजी प्रभारी ब्रजेश कुमार मिश्रा,एसएचओ बेनीगंज गंगा प्रसाद यादव,एसएसआई कछौना दिनेश कुमार यादव,एसआई अखिलानंद शुक्ला, बेनीगंज कोतवाली में तैनात एसआई माबूद रज़ा, सत्यप्रकाश मिश्रा व अमित कुमार सिंह के अलावा सर्विलांस टीम के हेड कांस्टेबिल इरफान, क्राइम ब्रांच टीम के हेड कांस्टेबिल अभिनंदन, राजेंद्र, कांस्टेबिल सम्राट रघुवंशी, मलखान,सूरज कुमार,आयुष भाटी, विपुल कुमार और अंकित कुमार की टीम ने साथ बताए गए ठिकाने पर घेराबंदी करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्ज़े से लूटा गया ज़ेवर,बाइक और तमंचे व कारतूस बरामद किए गए हैं।

एसपी के मुताबिक पुलिस की पकड़ में आए युवकों ने अपना नाम रूबीन पुत्र सुल्तान निवासी मिर्ज़ापुर कछौना कोतवाली और यशवंत पुत्र ब्रजमोहन निवासी बड़ी बाज़ार सिधिंयो का चौक कोतवाली शहर बीकानेर राजस्थान बताया। पकड़ में आए लुटेरों ने पुलिस से हुई पूछताछ में बताया कि लूट में इस्तेमाल की गई बाइक सण्डीला कोतवाली के मुरादनगर निवासी शुभम तिवारी पुत्र राजेश तिवारी ने दी थी। वह बाइक भी कछौना कोतवाली के रैंसों से चोरी की गई थी। वहां उसका मामला भी दर्ज है।

इसी बीच मंगलवार को बेनीगंज कोतवाली पुलिस ने वहां बस अड्डे पर बाइक पर सवार तीन युवकों को गिरफ्तार किया था। जिनमें शुभम तिवारी के अलावा संग्राम सिंह उर्फ शुभम सिंह पुत्र शारदा बक्श सिंह निवासी रामपुर बेहटा गोकुल और हिमांशु उर्फ निक्की पुत्र राजेश निवासी सेक्टर-7 रोहतक रोड सदर गोहाना ज़िला सोनीपत हरियाणा शामिल हैं।

ये भी पढ़ें-पानी में खरगोश को तैरते देख हो जाएंगे दंग, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा ये क्यूट Video

संबंधित समाचार