कासगंज: सिलेंडर फटने से हुआ बड़ा हादसा, एक की मौत, तीन घायल
कासगंज, अमृत विचार। दीपोत्सव की खुशियों में दर्द घुल गया। ऐसी घटना घट गई, जिसने लोगों के दिलों को झकझोर दिया। खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर के फटने से एक मकान का लेंटर भरभरा कर गिर गया, जिसके नीचे खाना बना रहीं तीन महिलाएं और एक युवक दब गए। युवक की मौके पर ही …
कासगंज, अमृत विचार। दीपोत्सव की खुशियों में दर्द घुल गया। ऐसी घटना घट गई, जिसने लोगों के दिलों को झकझोर दिया। खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर के फटने से एक मकान का लेंटर भरभरा कर गिर गया, जिसके नीचे खाना बना रहीं तीन महिलाएं और एक युवक दब गए। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। महिलाओं को उपचार के लिए आगरा रेफर किया गया है।
ये भी पढ़ें- एक्शन मोड में पुलिस : सड़क पर पटाखा फोड़ने पर की जाएगी कार्रवाई, उपद्रवियों की होगी जग हंसाई
घटना जिले की पटियाली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मझोला की है। यहां सोनेलाल पुत्र हेतराम का मकान है। सोमवार की सुबह महिलाएं गैस चूल्हे पर खाना बना रही थीं, तभी सिलेंडर फट गया। धमाके की आवाज सुनकर खाना बना रही महिला पूनम का पति सुदयवीर पुत्र राम दत्त अपनी पत्नी के निकट पहुंचा कि अचानक मकान का पूरा लेंटर भरभरा कर गिर गया। लेंटर के गिरते ही समीप रखा दूसरा गैस का सिलेंडर भी फट गया।
दो बार हुआ धमाका
लगातार दो धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पर तत्काल दरियावगंज चौकी इंचार्ज सतपाल भाटी पटियाली कोतवाली इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर बिग्रेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई।
ग्रामीणों की मदद से हटाया मलबा
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मलबे को हटाया, जिसमें सुदयवीर की मौके पर ही मौत हो गई तो वही तीन महिलाएं पूनम पत्नी श्यामवीर, पूनम पत्नी सुदयवीर, गुड्डू देवी पत्नी उदयवीर गंभीर रूप से घायल हो गईं। आनन फानन घायल सभी महिलाओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए घायलों को आगरा रेफर किया गया है। वहीं पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ये भी पढ़ें- एक्सीडेंट : लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, दो मौत
