नैनीताल: सेल्फी के चक्कर में लवर्स प्वाइंट से खाई में गिरा युवक
नैनीताल, अमृत विचार। बिहार से किशोर घर से बिना बताए मल्लीताल के बारापत्थर में सेल्फी लेते समय पैर फिसलने से गहरी खाई में गिर गया। पुलिस और दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे खाई से निकालकर बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया।
कालाढूंगी मार्ग पर बारापत्थर के समीप लवर्स प्वाइंट में शुक्रवार देर शाम के समय किसी के चिल्लाने की आवाजों के बाद वहां आसपास के लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। अंधेरा और गहरी खाई होने के कारण पुलिस को खाई में गिरे व्यक्ति की तलाश करने में काफी दिक्कत हुई। किशोर को रस्सियों की मदद से रेस्क्यू कर सड़क तक पहुंचाया गया।
पुलिस घायल किशोर को बीडी पांडे अस्पताल लायी और उसका इलाज कराया। घायल किशोर ने पुलिस को बताया कि वो घर में बिना बताए बिहार से नैनीताल आया है। कोतवाल मल्लीताल ने बताया कि घायल नाबालिग है और वो मानसिक रूप से अस्वस्थ दिख रहा है। नाबालिग के घरवालों को सूचित कर दिया गया है। डॉक्टर नेहल ने बताया कि नाबालिग को संयोगवश बहुत कम चोटें आई हैं। उसे बिच्छू घास लग गई जिससे उसके एलर्जी और रैश हो गए।
