अल्मोड़ा: छह दिन पूर्व लापता वृद्ध का रामगंगा में मिला शव
अल्मोड़ा, अमृत विचार। भिकियासैंण तहसील के राजस्व क्षेत्र जैनल से लापता एक वृद्ध का शव रामगंगा नदी में मिला है। राजस्व पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। जबकि मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।
राजस्व क्षेत्र के जैनल निवासी देवी राम (62) पुत्र बची राम सात नवंबर शाम किसी काम से चार बजे घर से निकले थे। लेकिन उसके बाद वह घर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की लेकिन कहीं भी उनका पता नहीं चला। नौ नवंबर को उनकेपुत्रों ने राजस्व उप निरीक्षक संजय सिंह के पास जाकर पिता की गुमशुदगी दर्ज कराई।
शुक्रवार की देर शाम साढ़े पांच बजे जैनल के ग्राम प्रहरी ने तहसील प्रशासन को सूचना दी कि रामगंगा नदी में एक शव पड़ा है। जिस पर तहसीलदार निशा रानी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंची। राजस्व उपनिरीक्षक विजय कुमार, पूरन प्रकाश, नगर पंचायत भिकियासैंण के चालक प्रहलाद सिंह ने शव को रामगंगा नदी के तेज बहाव से बाहर निकाला।
शव की पहचान उनके पुत्रों हरीश चंद्र और विशाल ने अपने पिता देवी राम के रूप में की। शव को तत्काल भिकियासैंण सीएचसी में लाया गया। शनिवार को राजस्व पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा उसे परिजनों को सौंप दिया। टीम में कानूनगो हरिकिशन, राजस्व उप निरीक्षक संजय सिंह, पंकज बिष्ट आदि मौजूद रहे।
