लखनऊ: चैरिटी म्यूजिक कंसर्ट के नाम पर ठगी, आयोजन करने वाली कंपनी हुई फरार, दर्ज होगा केस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में सिने प्रेमियों को लाइव प्रोग्राम दिखाने के नाम पर ऑनलाइन टिकट बुक कराने वाली कंपनी आयोजन के एक दिन पहले फरार हो गई है। कंपनी के जिम्मेदार लोगों के मोबाइल फोन भी बंद हैं। सुशांत सिटी थाना में इस मामले में केस दर्ज कराने की तैयारी है। इस कंसर्ट के आयोजन स्थल भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम के प्रबंधकों को एडवांस पैसा मिलने का इंतजार है।

लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 20 तारीख नामी फिल्मी सितारों का लाइव प्रोग्राम देखने के लिए टिकट बुक कराने वालों को खासी निराशा हाथ लगी है। यहां पर अभिनेता टाइगर श्रॉफ, अभिनेत्री सनी लियोनी के साथ म्यूजिक डायरेक्टर हिमेश रेशमिया और सिंगर सचेत व परंपरा सहित कई बड़े सितारों वाला एक चैरिटी म्यूजिक कंसर्ट होना था। इसका आयोजन करने वाली कंपनी लोगों को चपत लगाकर फरार हो गई है। अब बुक माय शो पर टिकट मिलना बंद हो गया है। कंपनी का सभी डाटा आनलाइन दिखना बंद हो गया है। टिकट बुक माई शो पर बुक हुए हैं।

लखनऊ में श्री सुविधा फाउंडेशन ट्रस्ट ने चैरिटी शो का आयोजन किया था। व्यापक पैमाने पर प्रचार भी किया गया। अब ट्रस्ट के मुख्य कर्ताधर्ता समीर शर्मा और विराज त्रिवेदी फोन स्विच आफ करके फरार हैं। इस बड़े आयोजन के लिए इकाना स्टेडियम को 1.5 करोड़ रुपए बुक कराने की योजना बनी, लेकिन स्टेडियम बुकिंग के नाम पर एडवांस भी नहीं दिया गया।

लाइव चैरिटी शो के लिए टिकट की कीमत 499 रुपए से लेकर छह हजार रुपए तक रखी गई थी। बुक माय शो के मध्यम से टिकट बिके भी थे। इस शो का आयोजन कराने वाली गुजरात की कंपनी का लखनऊ के सदर इलाके दफ्तर भी है। इसके साथ लखनऊ में डिलीशियस डिलाइट नाम का एक रेस्टोरेंट भी है। मालिकों से संपर्क ना होने के कारण इस कंपनी के साथ जुड़े इन्वेस्टर भी परेशान हैं। कंपनी लगातार सोशल मीडिया और मीडिया के माध्यम से प्रचार भी कर रही थी।

इकाना स्टेडियम के प्रबंध निदेशक उदय सिन्हा का कहना है कि इस कार्यक्रम के आयोजकों ने आज यानी 19 नवंबर को एडवांस देने की बात की थी। शुक्रवार शाम से ही आयोजक का फोन बंद जा रहा है। हमको तो अभी भी कार्यक्रम कैंसिल की कोई सूचना नहीं है। हमने तो इंतजाम कर रखा है। उन्होंने कहा कि आज तक का समय अगर नहीं भुगतान नहीं हुआ तो हम एनओसी नहीं देंगे और कल यह इवेंट भी नहीं हो पाएगा।

संबंधित समाचार