बहराइच : खेत में परवल तोड़ रही बालिका को उठा ले गया तेंदुआ
ग्रामीणों के हांका लगाने पर भी मार डाला, शव पोस्टमार्टम को भेजा
अमृत विचार, बहराइच। मोतीपुर रेंज के नौसर गुमतिहा गांव में सोमवार को खेत में सब्जी बनाने के लिए प्रबल तोड़ रही बालिका को तेंदुआ उठा ले गया। ग्रामीणों ने शोर सुनकर हांका लगाया, लेकिन तेंदुआ बालिका को खेत में मार कर चला गया। जानकारी मिलने पर वन टीम के साथ पुलिस भी पहुंच गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज अंतर्गत नौसर गुमटिहा गांव जंगल से सटा हुआ है। गांव निवासी सीमा कुमारी (12) पुत्री दिनेश कुमार सोमवार को खेत में परवल तोड़ रही थी। दिनेश कुमार ने बताया कि घर में सब्जी बनाने के लिए बालिका सब्जी तोड़ रही थी।
तभी शाम पांच बजे के आसपास तेंदुआ जंगल से निकल आया। तेंदुआ बालिका को जबड़े में दबोच कर चला हो गया। तेंदुआ को देख आसपास के लोगों ने हांका लगाया। लेकिन तब तक तेंदुए ने बालिका को निवाला बना लिया। बालिका का शव खेत में क्षत विक्षत हालत में पड़ा मिला।
इससे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना रेंज कार्यालय में दी गई। वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र मौर्य टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तेंदुए के हमले में हुई मौत
डीएफओ आकाशदीप वधावन ने बताया कि बालिका की मौत तेंदुए के हमले में हुई है। वन कर्मी मौके पर पहुंचे हैं। वन विभाग की ड्यूटी लगा दी गई है। मृतक बालिका के आश्रितों को आर्थिक सहायता दी जायेगी।
