बांदा : कूट रचना कर दबंग भू-माफिया ने नगर पालिका में दर्ज कराया मकान
नपा गृहकर लिपिक ने शहर कोतवाली में भेजी तहरीर, मुकदमा दर्ज करने की मांग
दबंग भूमाफिया के साथ नगर पालिका चेयरमैन की मिलीभगत का भी हुआ खुलासा
अमृत विचार, बांदा। नपा चेयरमैन और उनके चहेतों की मुश्किलें कम नहीं हो रहीं। शासन से बर्खास्तगी के आदेश के खिलाफ जहां चेयरमैन अभी अदालत की चौखट पर माथा रगड़ रहे हैं, वहीं उनके एक चहेते भूमाफिया के साथ मिलीभगत कर अनाधिकृत रूप से नगर पालिका में मकान दर्ज करा लेने का मामला सामने आया है।
जांच के बाद गृहकर लिपिक ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए भूमाफिया और चेयरमैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की बात कही है। उधर कोतवाली पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक के नाम पत्र लिखकर नगर पालिका के गृहकर लिपिक विनोद कुमार ने बताया है कि शहर के बिजलीखेड़ा निवासी अरविंद सिंह पुत्र मातादीन ने लिखित शिकायत करके बताया था कि उसका शांति नगर मोहल्ला स्थित एक आवासीय दोमंजिला मकान पोड़ाबाग निवासी भूमाफिया दीपक कुमार गुप्ता पुत्र बाबूलाल ने 6 जून को कुछ धनराशि देकर जरिए नोटरी मकान खरीदने की बात की और शेष धनराशि देकर रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिलाया।
लेकिन बार-बार कहने के बाद भी भूमाफिया ने न तो शेष पैसे दिए और न ही रजिस्ट्री कराई। उधर भूमाफिया दीपक ने तत्कालीन चेयरमैन मोहन साहू से मिलीभगत करके कूटरचना के चलते फर्जी तरीके से मकान गृहकर विभाग में दर्ज करा लिया। जांच के बाद आरोपों की पुष्टि हुई । जिसमें वार्ड संख्या 19 शांति नगर के भवन संख्या 434 A/19 पर बिना पंजीकृत विलेख के चेयरमैन ने सीधे आदेश करते हुए नगर पालिका के भवन कर निर्धारण रजिस्टर में नामांतरण दर्ज कर दिया।
जबकि चेयरमैन को नामांतरण का सीधे आदेश करने का अधिकार नहीं है। फिर भी चेयरमैन अपने चहेतों को अनैतिक लाभ पहुंचाने के लिए गलत तरीके से नामांतरण दर्ज किए हैं। गृहकर लिपिक विनोद कुमार ने चेयरमैन और उनके चहेते भूमाफिया दीपक गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और प्रकरण की विस्तृत विवेचना करने की मांग की है। उधर कोतवाली पुलिस अभी तक तहरीर न मिलने की बात कह रही है और तहरीर मिलने पर समुचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।
