लखनऊ: विकास नगर स्थित घर में लगी आग से बुजुर्ग महिला ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
अमृत विचार लखनऊ। राजधानी के विकास नगर स्थित सेक्टर चार में व्यवसायी स्व. राजकुमार के घर में लगी आग के बीच फंसी बुजुर्ग महिला की मौत हो गई है। पुलिस ने बताया कि विकासनगर सेक्टर चार निवासी स्व. राजकुमार की मौत के बाद घर पर उनकी पत्नी शशि और बेटी रिचा रहती है। शशि सरकारी स्कूल से शिक्षिका के पद से सेवानिवृत्त हुई हैं।
मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पहले तल पर कमरे से आग निकलते देख क्षेत्रीय लोगों ने शोर मचाया। आग की सूचना मिलते ही इंदिरानगर और हजरतगंज फायर स्टेशनों से छह गाड़ियों के साथ पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। जिसके घर के अंदर फंसी शशि को करीब एक घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाहर निकाल सके। घर में धुआं भरने से शशि बेहोश हो गई थी। उनको गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर भेजा गया। जहां उनकी मौत हो गई।
