मुरादाबाद : संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, हत्या का आरोप
परिजन बोले- गांव के ही युवक ने शराब में पिलाया जहरीला पदार्थ
मुरादाबाद, अमृत विचार। बिलारी थाना क्षेत्र में सिहारी लद्दान गांव के रहने वाले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में सोमवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही युवक पर शराब में जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सिहारी लद्दान गांव निवासी कृष्ण दयाल शर्मा का पुत्र विशाल (19) किसान था। परिवार में दो बहनों का वह इकलौता भाई था। एक वर्ष पहले पिता की बीमारी से मौत हो चुकी है। परिजनों ने बताया कि विशाल शनिवार को निजी काम से मुरादाबाद गया था, वहां से लौटते समय वह राजा का सहसपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतर गया। यहां से गांव का ही युवक उसे शराब पिलाने के बहने अपने साथ ले गया। घर लौटने पर उसकी हालत बिगड़ गई।
आरोप है कि युवक ने उसे शराब में जहरीला पदार्थ पिला दिया। परिजनों ने उसे कांठ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सोमवार देर रात विशाल ने दम तोड़ दिया। मंगलवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण साफ न होने पर बिसरा सुरक्षित रखा गया है। परिजनों ने तहरीर देकर युवक पर विशाल की हत्या का आरोप लगाया है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : दबंग ने पत्नी व नौ बीघा जमीन हड़पी, पीड़ित ने लगाई एसएसपी से न्याय की गुहार
