नैनीताल: सर्दी ने बदन पर डाला कपड़ों का बोझ मगर 31st को हो सकता है अफसोस
नैनीताल, अमृत विचार। सरोवर नगरी में मंगलवार को अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ गया। सुबह करीब 10 बजे तक हल्की धूप खिलने के बाद अचानक आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया। दिन भर बादल छाए रहने और सर्द हवाएं चलने से नगर और आसपास कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जानकारों का कहना है कि यदि मौसम का यही मिजाज रहा तो अगले कुछ दिनों में हिमपात होने की संभावना है। मगर अफसोस इस बात का है कि 31 दिसंबर में बर्फबारी का तोहफा इस बार शायद ही मिल पाए ऐसा मौसम विभाग से प्राप्त आंकडों से पता चल रहा है।
बदले मौसम के मिजाज से इस बार दिसंबर अंत से फरवरी तक कड़ाके की सर्दी पडेगी है। हलांकि बर्फबारी भी ज्यादा संभावना जनवरी में ही जताई जा रही है। इधर मंगलवार को सर्द मौसम के बावजूद सैलानियों ने नैनी झील में नौकायन का आनंद लिया। मौसम विज्ञान केंद्र जीआईसी, नैनीताल के अनुसार मंगलवार को नगर का अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहा। देर रात तक न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक पहुंच रहा है। आने वाले दिनों में सूखी ठंड और अधिक बढ़ सकती है, जबकि बर्फबारी पश्चिमी विक्षोभ पर निर्भर करेगी। पश्चिमी विक्षोभ अधिक उठेगा तो हिमपात भी उतनी ही अधिक मात्रा में होगा। उधर, नगर पालिका नैनीताल की ओर से चिन्हित स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है।
