शाहजहांपुर: दो पक्षों में खूनी झड़प, गोली लगने से एक की मौत, 10 घायल
शाहजहांपुर,अमृत विचार। थाना निगोही के गांव चंदियूरा में खेत में जानवर चले जाने और उनकी पिटाई किए जाने पर रविवार दोपहर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों और से जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। इसके बाद फायरिंग शुरू हो गई। गोली लगने से एक पक्ष के व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि महिला …
शाहजहांपुर,अमृत विचार। थाना निगोही के गांव चंदियूरा में खेत में जानवर चले जाने और उनकी पिटाई किए जाने पर रविवार दोपहर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों और से जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। इसके बाद फायरिंग शुरू हो गई। गोली लगने से एक पक्ष के व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि महिला समेत दोनों पक्ष के दस लोग घायल हो गए। घटना के बाद एसपी एस आनंद पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे और मामले की जानकारी कर थानाध्यक्ष को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। गांव में बवाल की आशंका में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। घायलों को मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया है।

निगोही क्षेत्र के गांव चंदियूरा निवासी चंद्रपाल के बेटे सत्यपाल के जानवर रविवार दोपहर धीरेंद्र सिंह के चाचा हरपाल के खेत में चले गए। इसका धीरेंद्र और उसके परिवार वालों ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। दोनों पक्षों की ओर से गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ने के साथ ही दोनों और से लाठी-डंडे और तमंचा-पौनिया निकल आए। कुछ ही देर में लाठी-डंडे और पथराव शुरू हो गया।

मारपीट और पथराव में धीरेंद्र और उनके बड़े भाई प्रदीप, तहेरे भाई बलवीर, शंकर और बलवीर की बेटी कोमल, काजल और दूसरे पक्ष के सत्यपाल के भाई राजपाल, रघुवीर, मां रामबेटी और चचेरे भाई हरपाल घायल हुए तो फिर फायरिंग भी शुरू हो गई। इसमें एक गोली धीरेंद्र सिंह और प्रदीप को लगी तो वह लहूलुहान हो जमीन पर गिर पड़े। इसके साथ ही हमलावरों में भगदड़ मच गई। तमाशबीन बने गांव के लोग भी सकते में आ गए। खून से लथपथ विपक्षी मौके से खिसक लिए तो वहीं मृतक के परिवार वालों में चीख-पुकार मच गई।

धीरेंद्र और प्रदीप को उनके घर वालों ने वाहन पर लादा और निगोही थाने पहुंच गए, वहीं कुछ देर बाद विपक्षी भी थाने पहुंच गए। बड़ा विवाद देख पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। निगोही सीएचसी कोरोना पाॅजिटिव मरीज मिलने की वजह से सील है, इसलिए सभी को मेडिकल काॅलेज भेज दिया गया। जहां डाॅक्टर ने धीरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायलों का मेडिकल काॅलेज में इलाज चल रहा है। इधर सूचना मिलते ही एसपी एस आनंद, सीओ सदर कुलदीप सिंह गुनावत, एसओ राजेश बाबू पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंच गए और घटना की जानकारी कर मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। बता दें दोनों पक्ष के घर आमने-सामने हैं।
कल भी हुआ था विवाद, पुलिस ने करा दिया था समझौता
बतातें है कि शनिवार को भी जानवर की पिटाई को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। दोनों पक्षों में जमकर गाली-गलौज हुआ था। इसी बीच किसी ने 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों पक्षों में समझौता कराकर लौट गई लेकिन रविवार दोपहर फिर से खूनी संघर्ष छिड़ गया।
तीन मार्च को भी हुई थी मारपीट
बतातें है कि तीन मार्च को राजपाल और धीरेंद्र के परिवार में मारपीट हो गई थी। आरोप है कि बच्चे की पिटाई को लेकर हुए विवाद में राजपाल ने अपने भाई सत्यपाल के साथ मिलकर धीरेंद्र के भतीजे नरेंद्र की पिटाई कर दी थी। इस मामले में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
“खेत में जानवर चले जाने को लेकर सत्यपाल और बलवीर के परिवार के बीच विवाद हो गया था। मौके पर 112 नंबर डायल करने पर पुलिस पहुंची थी। समझौता भी करा दिया गया था। रविवार को फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। जिसमें लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ, फायरिंग भी हुई। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। गांव में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। संदिग्धों की तलाश जारी है।” -एस आनंद, एसपी
