बरेली: BDA की बड़ी कार्रवाई, अवैध कॉलोनियों को किया ध्वस्त
बरेली, अमृत विचार। डोहरा रोड पर बीडीए की प्रवर्तन टीम ने तीन अवैध कालोनियों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इससे टीम ने यहां मकान खरीदने वालों को भविष्य में होने वाली दिक्कतों से बचा लिया है।
डोहरा रोड पर पेट्रोल पंप के पीछे शिव विहार नाम से कालोनी बन रही थी। यहां कालोनाईजर द्वारा बीडीए की मंजूरी के बिना लगभग 5000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से चहारदीवारी, बिजली के पोल, सड़क और भूखंडों का चिन्हांकन आदि कार्य किया जा रहा था।
इसके पास में ही साईं गार्डन सिटी के नाम से लगभग 5000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में और वृंदावन धाम नाम से लगभग 3000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से बिजली पोल, सड़क, भूखंडों का चिन्हांकन आदि कार्य किया जा रहा था। सभी कालोनियों में बुलडोजर से सड़क खोदकर बिजली खंभे गिराकर और चहारदीवारी को ध्वस्त कर दिया गया है। प्रवर्तन दल में अनिल कुमार सहायक अभियंता सहित हरीश चौधरी, एसके सिंह, सुनील कुमार, रमन अग्रवाल सहित प्रवर्तन दल के सदस्य भी रहे।
अवैध कालोनी में मकान खरीदने वाली भोली जनता बाद में परेशान नहीं हो इसलिए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाती है। कालोनी विकसित करने वाले बीडीए से नक्शा पास कराकर भवन निर्माण कराएं। बीडीए अवैध निर्माण नहीं होने देगा---जोगिन्दर सिंह, वीसी बीडीए।
यह भी पढ़ें- बरेली: किला पुल तीन माह के लिए बंद फिर भी दौड़ पड़े वाहन, लगा लंबा जाम
