बरेली के बासमती ने लंदन में बिखेरी सुगंध, यूपी के खाद्य उत्पादों में कई देशों ने दिखाई दिलचस्पी

Amrit Vichar Network
Published By Ateeq Khan
On

लंदन में अंतर्राष्ट्रीय खाद्य एवं पेय कार्यक्रम में यूपी के उत्पादकों की सराहना. यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, पोलैंड, चीन और संयुक्त राज्य अमेरिका ने भी दिखाई रुचि.

अमृत विचार : उत्तर प्रदेश के आधुनिक काश्तकारों का विजन खेतीबाड़ी की तस्वीर बदल रहा है। राज्य के खेतों में पैदा हुए ऑग्रेनिक उत्पाद देश-दुनिया के मंचों पर शोहरत पा रहे हैं। लंदन में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय खाद्य एवं पेय कार्यक्रम (आईएफई) में उत्तर प्रदेश के कई उत्पाद छाए रहे। इन कृषि उत्पादों ने वैश्विक प्रदर्शन में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

लंदन में 30 मार्च से 1 अप्रैल तक आयोजित अंतराष्ट्रीय खाद्य मंच पर बरेली के गॉडसन ऑर्गेनिक फार्म का झुमका बासमती, हंसराज बासमती और तिलक चंदन जैसी पारंपरिक सुगंधित धान की किस्मों ने कई देशों का मन मोह लिया।

बरेली की प्रसिद्ध लाल मिर्च, येलो चिली के अलावा अन्य उच्च गुणवत्ता वाले मसालों पर विदेशी फिदा नजर आए। इन खाद्य उत्पादों पर यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, पोलैंड, चीन और संयुक्त राज्य अमेरिका के खरीदारों ने विशेष रुचि दिखाई है। जाहिर है कि इससे निर्यात की संभावना बढ़ी है।

यूपी पवेलियन का उद्घाटन भारतीय उच्चायोग लंदन निधि मणि त्रिपाठी, आईएएस, मंत्री (आर्थिक) ने किया। नेतृत्व मंडी परिषद के सचिव/निदेशक इंद्र विक्रम सिंह ने किया। इस दौरान प्रदेश के पांच प्रमुख कृषि उत्पादकों ने चावल, शहद, मसाला, फल समेत अन्य उत्पादों का प्रदर्शन करके राज्य की समृद्ध कृषि परंपरा और गुणवत्ता का परिचय दिया।

godsonइसमें विभिन्न देशों के खरीदार, वितरक, खाद्य विशेषज्ञ और उद्यमियों ने गहरी रुचि दिखाई। अंतर्राष्ट्रीय मंच पर एम्ब्रोसिया ने अपना मेव उत्पाद लांच किया। इस अवसर पर हाई कमीशन ऑफ इंडिया, लंदन की निधि मणि त्रिपाठी, हमना मरियम खान, राकेश दहिया, डॉ. सुधांशु सचिव एपीडा उपस्थित रहे।


''हनी विद लेमन'' जैसे नवाचारी उत्पाद की सराहना

स्टॉलों पर शहद, नीम हनी, जामुन हनी और वाइल्ड फॉरेस्ट हनी की शुद्धता एवं स्वास्थ्यवर्धक गुणों ने आगंतुकों को आकर्षित किया। इसके अतिरिक्त “हनी विद लेमन” जैसे नवाचारी उत्पाद की अवधारणा को भी सराहा गया। माधव उद्यान स्थित मेव ऑर्चर्ड एस्टेट में उगाए गए फलों और मसालों से निर्मित विशिष्ट उत्पाद अपने स्वाद और प्राकृतिक फ्लेवर के लिए सराहे गए। फॉर्च्यून राइस को यूरोप के खरीदारों से बासमती चावल एवं ताजे कृषि उत्पादों के लिए सकारात्मक व्यापारिक प्रस्ताव प्राप्त हुए। मोरक्को के एक प्रमुख आयातक के साथ संपर्क स्थापित होना कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।

संबंधित समाचार