लखनऊ जंक्शन पर ट्रैफिक-पावर ब्लॉक: बदला कई ट्रेनों का रूट, ऐशबाग-बादशाहनगर पर अस्थायी ठहराव
लखनऊ, अमृत विचारः उत्तर रेलवे की ओर से लखनऊ जंक्शन स्टेशन के कॉनकोर्स के फाउंडेशन कार्य के चलते प्लेटफॉर्म शेल्टर हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस कार्य के लिए ट्रैफिक व पावर ब्लॉक दिया गया है, जिसके कारण 04 से 11 अप्रैल के बीच कई ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।
गांधीधाम-भागलपुर विशेष (09451/09452) को मानक नगर-लखनऊ-मल्हौर के बजाय मानक नगर-ऐशबाग-मल्हौर मार्ग से चलाया जाएगा। इसी प्रकार गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस (11080), वाराणसी सिटी-अहमदाबाद एक्सप्रेस (19168) तथा दरभंगा-अहमदाबाद एक्सप्रेस (19166) को भी मल्हौर-लखनऊ-मानक नगर की जगह मल्हौर-ऐशबाग-मानक नगर मार्ग से संचालित किया जाएगा।
ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस (11123/11124) के मार्ग में भी परिवर्तन किया गया है, जिसे मानक नगर-लखनऊ-मल्हौर के बजाय मानक नगर-ऐशबाग-मल्हौर से चलाया जाएगा। वहीं बरौनी-अम्बाला कैंट एक्सप्रेस (14523/14524) तथा श्री माता वैष्णो देवी कटरा-गाजीपुर सिटी एक्सप्रेस (14612) को उतरेटिया-लखनऊ-आलमनगर के स्थान पर उतरेटिया-ट्रांसपोर्ट नगर-आलमनगर मार्ग से चलाया जाएगा।
इसके अलावा बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस (15127/15128) भी निर्धारित मार्ग बदलकर ट्रांसपोर्ट नगर के रास्ते संचालित होगी। रेलवे के अनुसार, इन सभी ट्रेनों का 04 से 11 अप्रैल तक बादशाहनगर स्टेशन पर 2 मिनट और ऐशबाग स्टेशन पर 10 मिनट का अस्थायी ठहराव रहेगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपने ट्रेन के बदले हुए मार्ग और समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
ट्रेनों में डिजिटल भुगतान आरक्षित टिकटों में 12 प्रतिशत तक पहुंचा
ट्रेनों में टिकट बुकिंग के लिए ऑनलाइन भुगतान तेजी से बढ़ रहा है। रेल यात्री अब क्यूआर कोड, यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड जैसी सुविधाओं का अधिक उपयोग कर रहे हैं। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि वर्ष 2024-25 में आरक्षित टिकटों में डिजिटल भुगतान 3.9 प्रतिशत से बढ़कर 12.02 प्रतिशत हो गया। वहीं, जनरल टिकटों में यह बढ़ोतरी 8.47 प्रतिशत से 18.87 प्रतिशत तक पहुंच गई। उन्होंने कहा कि चयनित काउंटरों पर कैशलेस भुगतान को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि यात्रियों को तेज और सुरक्षित सेवा मिल सके। डिजिटल लेनदेन से रेलवे में आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो रहा है।
