बरेली: बेटी पर ताना चाकू... मां के साथ की दरिंदगी, घर में घुसकर बांधे हाथ-पैर किया गैंगरेप
बरेली, अमृत विचार। दबंगों ने बेटी के गले पर चाकू तानकर महिला के साथ दुष्कर्म किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के बयान दर्ज कर वीडियो बनाया, लेकिन इसके बाद भी पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। शुक्रवार को मामले की शिकायत मिलने पर एसएसपी अखिलेश कुमार चौरसिया ने सीओ बहेड़ी को मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली: मास्टर जी पर भरोसा नहीं, बीटीसी प्रशिक्षु करेंगे निपुण विद्यार्थियों की पहचान
शेरगढ़ की रहने वाली महिला ने बताया कि वह लंबे समय से शहर में दो बेटियों के साथ रह रही हैं। उसके पति फेरी लगाते हैं। वह 1 जनवरी को बेटी के साथ गांव के मकान पर गई थीं। वहां पर 3 जनवरी की रात 2 बजे गांव के रहने वाले चार लोग घुस आए और उन्होंने उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया।
इसी बीच महिला की बेटी जाग गई तो आरोपियों ने उसके गले पर चाकू रखते हुए उसे जान से मारने की धमकी देते हुए महिला के हाथ बांध दिए और उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही पुलिस से शिकायत करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों के जाने पर महिला की बेटी ने उसके हाथ खोले और फिर यूपी 112 पर इसकी शिकायत की। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच करते हुए महिला का वीडियो बनाया, लेकिन इसके बाद भी शेरगढ़ पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
यह भी पढ़ें- बरेली: करोड़ों हड़प गया केंद्रीय मंत्री का नजदीकी, निवेशकों ने किया हंगामा
