Kanpur Pollution News : लखनऊ से ज्यादा खतरनाक शहर का प्रदूषण, AQI पहुंचा 295, धुंध छाने से लोग परेशान
Kanpur Pollution News लखनऊ से ज्यादा खतरनाक कानपुर का प्रदूषण।
Kanpur Pollution News लखनऊ से ज्यादा खतरनाक कानपुर का प्रदूषण। एक्यूआई का आंकड़ा लालघेरे के करीब पहुंचा। धुंध छाने से लोग परेशान हो गये।
कानपुर, अमृत विचार। Kanpur Pollution News औद्योगिक नगरी में एक बार फिर से दम घोटू प्रदूषण ने सताना शुरू कर दिया है। रविवार को कानपुर का प्रदूषण राजधानी दिल्ली के करीब पहुंच गया तो वहीं प्रदेश की राजधानी से एक्यूआई ज्यादा दर्ज किया गया। विशेषज्ञों ने बढ़ते प्रदूषण को लोगों के लिए खतरनाक बताया है। दूषित हवा के प्रवेश होने से बीमार होने का खतरा बढ़ गया है।
वाहनों के बढ़ते दबाव और आबादी की वजह से दिल्ली का प्रदूषण ज्यादातर लाल घेरे में ही रहता है। तीन सौ एक्यूआई के पार पहुंचने पर यह स्थिति होती है, जिसे बेहद खराब माना जाता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट में दिल्ली का प्रदूषण रविवार को भी इस स्थिति में ही था। राजधानी में 371 एक्यूआई दर्ज किया गया।
वहीं कानपुर में भी एक्यूआई तीन सौ के आंकड़े के करीब था। 295 एक्यूआई के साथ स्थिति खराब बनी हुई थी। विशेषज्ञों की माने तो सुधार नहीं हुआ तो दिल्ली की एक्यूआई के करीब शहर का भी आंकड़ा पहुंच सकता है। उधर लखनऊ में भी प्रदूषण की स्थिति खराब थी। यहां 253 के साथ प्रदूषण की स्थिति खराब बनी हुई है।
यानि एक्यूआई मामले में लखनऊ से भी ज्यादा स्थिति खराब कानपुर की दर्ज की गई है। यह हाल तब है, जब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी लगातार प्रदूषण फैलाने वाले लोगों पर कार्रवाई करने की बात करते हैं। नगर निगम भी सड़कों की धूल पर छिड़काव का दावा करती है।
लेकिन पॉश इलाकों के अलावा कहीं भी यह छिड़काव नजर नहीं आता है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अमित मिश्रा ने बताया कि नगर निगम से लगातार छिड़काव की जानकारी ली जा रही है। छिड़काव नहीं होने पर नोटिस जारी किया जाएगा।
