हल्द्वानी: घने कोहरे और फुहार ने बढ़ाया सर्दी का सितम
हल्द्वानी, अमृत विचार। आसमान से हुई कोहरे की बारिश और प्रचंड शीत लहर ने ठिठुरन बढ़ा दी। शहर व ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में सूर्य के दर्शन नहीं हुए। रविवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं कोहरे विजिबिलिटी भी कम हुई, लोगों को दिन में ही लाइट चालू कर वाहन चलाना पड़ा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को सर्दी ने सितम ढहाया। रविवार सुबह से ही शहर व गांव में कोहरा छाने लगा। सुबह सात बजे के बाद अचानक कोहरा बढ़ना शुरू हुआ और दो-तीन घंटे में ही हल्द्वानी में कोहरे की चादर बिछ गई। मकर सक्रांति पर्वके बाद भी सूर्य के दर्शन नहीं हुए।
कोहरे के साथ-साथ प्रचंड शीत लहर ने लोगों की कंपकंपी छूटा दी। रविवार को 3.6 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से सर्द हवाएं भी चलीं। इसकी वजह से लोग शाम होते ही घरों में दुबक गए। वहीं बाजारों, रोडवेज आदि स्थानों पर लोग अलाव, हीटर के पास बैठे दिखाई दिए। रविवार को अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इधर, सोमवार को भी घने कोहरे छाए रहने की आशंका है। कोहरे के साथ शीत लहर लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं।
