Video : MNS कार्यकर्ताओं पर डॉक्टर को पीट-पीटकर बेहोश करने का आरोप, CCTV में कैद वारदात

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

पालघर। महाराष्ट्र के पालघर में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ताओं ने एक डॉक्टर की पिटाई कर दी। शिंदे हॉस्पिटल में शुक्रवार की रात हुई इस घटना में पीड़ित डॉक्टर बेहोश हो गया। CCTV में कैद घटना के वीडियो के मुताबिक, मनसे कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार की रात 10 बजे डॉक्टर स्वप्निल शिंदे पर हमला किया था। पीड़ित डॉक्टर के मुताबिक, कोरोना काल में हुए इलाज के बकाया पैसे मांगने पर मनसे कार्यकर्ताओं ने उनके ऊपर हमला किया था। घटना के बाद हॉस्पिटल में जमकर विवाद हुआ।

जानकारी के मुताबिक, बोइसर के स्थानीय मनसे नेता समीर मोरे ने अपने किसी रिश्तेदार के इलाज और फिर बिल पेमेंट को लेकर हुए विवाद के बाद अपने समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचकर डॉक्टर की पिटाई कर दी। मनसे कार्यकर्ताओं ने डॉक्टर को इतनी बुरी तरह मारा कि वह बेहोश हो गए। डॉक्टर पर हुए हमले के बाद हंगामा बढ़ता गया जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हॉस्पिटल स्टाफ ने आरोपी मनसे कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की, जिसे पुलिस ने मान लिया।

घटना के बारे में बात करते हुए डॉक्टर स्वप्निल शिंदे ने कहा, कोरोना काल मे एक महिला मरीज के इलाज के पैसे बाकी थे। हमने समीर मोरे के बकाया बिल देने के वादे पर मरीज को छोड़ दिया। बाद में इन्होंने हमारे हॉस्पिटल की बदनामी की। शुक्रवार की रात को उनके एक और मरीज को ऐडमिट करने बोला तो हमने बकाया किए गए पिछले पैसे मांगे, और फिर मरीज को ऐडमिट करने कहा। इस पर समीर मोरे मनसे कार्यकर्ताओं के साथ आए और मेरे साथ मारपीट की। पुलिस को इनपर करवाई करनी चाहिए।

ये भी पढ़ें : पति ने काट लिया खुद का ही प्राइवेट पार्ट, कुलदेवता के पास रखा, बीवी ने उठाया था ये कदम

संबंधित समाचार