श्रीराम यंत्र स्थापना को लेकर नगर निगम ने की व्यापक तैयारियां: चौराहों पर हाईटेक सफाई, एंटी स्मॉग गन से पानी का छिड़काव
अयोध्या, अमृत विचार: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार को चैत्र नवरात्रि के पहले दिन रामनगरी पहुंचेंगी। यहां श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में श्रीराम यंत्र की स्थापना करेंगी। साथ ही वैदिक अनुष्ठानों में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन व नगर निगम ने व्यापक इंतजाम किए हैं।नगर निगम ने राष्ट्रपति के प्रस्तावित मार्गों, राम जन्मभूमि मंदिर परिसर, सरयू घाटों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण अभियान छेड़ा है। पूरे नगर निगम क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चल रहा है।
सरयू तट पर जेटिंग मशीनों से घाटों की धुलाई की जा रही है। प्रमुख चौराहों और अंडरपासों जैसे एयरपोर्ट अंडरपास, महोबरा अंडरपास, साकेत पेट्रोल पंप अंडरपास, अयोध्या धाम मेला क्षेत्र आदि पर हाईटेक सफाई की गई है। धूल नियंत्रण के लिए एंटी-स्मॉग गन से पानी का छिड़काव किया जा रहा है।पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है। सांस्कृतिक कार्यक्रम और भंडारा स्थलों पर वाटर टैंकर भी तैनात रहेंगे।
फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज
आवारा पशुओं, खासकर गौवंश, पर सख्त नियंत्रण के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। आवारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में पहुंचाया जा रहा है। फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज है। बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, धर्मशालाएं, रेस्टोरेंट, होमस्टे और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थलों पर विशेष सफाई और प्रबंधन योजना लागू है। नागेश्वर नाथ मंदिर, हनुमानगढ़ी और अन्य प्रमुख मठ-मंदिरों के आसपास उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
घाट और अंडरपासों पर विशेष लाइटिंग
संत तुलसीदास घाट, सरयू स्नान घाट और विभिन्न अंडरपासों पर विशेष लाइटिंग की गई है। सफाई के लिए लगभग 500 सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि हमारी कोशिश है कि रामनवमी पर आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु एक अच्छा अनुभव लेकर जाए।
