Uttrakhand: शैल बैंड और कालीमठ से सटे जंगल में धधकी आग, फायर सर्विस ने किया काबू
अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिले में वनाग्नि की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। बुधवार दिन में शैल और कालीमठ के जंगल में आग धधक उठी। सूचना पर फायर सर्विस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया।
अल्मोड़ा के जंगलों में बारिश के बाद फिर से वनाग्नि की घटनाएं शुरू हो गई है। बुधवार दिन में शैल बैंड और कालीमठ के जंगलों में अचानक आग धधक उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तेजी से रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ने लगी। आग को बढ़ता देख लोगों में भी हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना फायर सर्विस को दी। अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची फायर सर्विस की टीम ने एक होज रील फैलाकर आग पर काबू पाना शुरू किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। टीम में ओम प्रकाश, विपिन बडोला, जीवन जोशी, पूजा और चांदनी मौजूद रहे।
