शिवराज सिंह ने कमलनाथ पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा को लेकर बोला हमला, कहा- हम उस समय भी...
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान करने का आरोप लगाते हुए उन पर जमकर हमला किया। चौहान जिले के सौंसर में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हम उस समय भी आए थे, जब छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान किया गया था। हमने तब संकल्प लिया था कि जो प्रतिमा गिराई गई, उससे भी बड़ी प्रतिमा लगाई जाएगी। आज एक संकल्प पूरा हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा देश में एक अन्याय हुआ। हमें केवल एक खानदान के बारे में पढ़ाया गया, देश को आजादी नेहरू जी ने दिलाई, ऐसा पढ़ाया गया। वो महारानी लक्ष्मीबाई, लाला हरदयाल, लोकमान्य तिलक, बिपिन चंद्रपाल, खुदीराम बोस, ऊधम सिंह, दुर्गा भाभी, चंद्रशेखर आजाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और स्वतंत्र वीर सावरकर को भूल गए। देश की आजादी का इतिहास ठीक से नहीं पढ़ाया गया।
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्रपति शिवाजी महाराज के हिंदवी स्वराज को पुनर्स्थापित किया है। चौहान ने कांग्रेस के शासन काल में हुए घपले घोटाले की याद दिलायी और कहा कि एक समय था, जब पिद्दी-पिद्दी से देश हमें डराते थे। प्रधानमंत्री मोदी ने कह दिया कि भारत तो अब आंख में आंख मिलाकर बात करेगा। एक जमाना था जब चीन हमें आंख दिखाता था। आज जब चीन ने हरकत की, तो हमारे वीर सैनिकों ने उनके सैनिकों की गर्दन तोड़ दी।
उन्होंने कमलनाथ पर कर्जमाफ़ी का झूठा वादा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार में शून्य प्रतिशत ब्याज पर कर्ज देना बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि वे डिफ़ॉल्टर हुए किसानों का कर्ज भी उतारेंगे और शून्य प्रतिशत ब्याज पर कर्ज भी दिलाएंगे। कांग्रेस सरकार ने तो तीर्थ दर्शन योजना भी बंद कर दी। हमने यह योजना शुरू कर दी है, अब तो हम हवाई जहाज से बुजुर्गों को भेजेंगे।
ये भी पढे़ं- देश को देवगौड़ा जैसी कमजोर सरकार देना चाहते हैं नीतीश कुमार- CM सुशील मोदी
