Kanpur : SP MLA Irfan Solanki की आठ करोड़ की संपत्ति गैंगस्टर एक्ट में सीज, भारी पुलिस बल रहा मौजूद
कानपुर में सपा विधायक इरफान सोलंकी की आठ करोड़ की संपत्ति सीज।
कानपुर में सपा विधायक इरफान सोलंकी की चकेरी और जाजमऊ थाना क्षेत्र में आठ करोड़ की संपत्ति को पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में सीज किया। चार प्लॉटो पर जब्तीकरण की कार्रवाई हुई।
कानपुर, अमृत विचार। गैंगस्टर एक्ट के तहत महराजगंज जेल में बंद सीसामऊ से सपा विधायक इरफान सोलंकी व उसके परिवार की आठ करोड़ की चार संपत्तियां सील की गईं। बवाल और हंगामे की आशंका के मद्देनजर भारी पुलिस फोर्स मौजूद रहा। इस दौरान मुनादी के साथ इलाके के लोगों को सीलिंग की कार्रवाई की जानकारी दी गई। तकरीबन एक किलोमीटर के अंतराल में की गई सभी कार्रवाईयों को लेकर पुलिस ने पैदल मार्च किया।
मंगलवार को पुलिस ने चकेरी थानाक्षेत्र की सनिगवां चौरी क्षेत्र अंतर्गत स्वर्ण जयंती विहार विस्तार योजना में विधायक के नाम पर दो प्लॉट एक उनकी पत्नी नसीम सोलंकी के नाम एक प्लॉट व एक रिजवान सोलंकी की पत्नी साहिना सोलंकी के प्लॉट पर बोर्ड लगाकर जब्तीकरण की कार्रवाई को अंजाम दिया। जब्त की गई संपत्तियां 8 करोड़ की बताई गई हैं। एसीपी कोतवाली रंजीत कुमार की अगुवाई में फीलखाना इंस्पेक्टर सुनील सिंह और चकेरी पुलिस ने जब्तीकरण की कार्रवाई की। विधायक की बेनामी संपत्तियों पर की गई कार्रवाई को लेकर भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

जाजमऊ के डिफेंस कालोनी निवासी नजीर फातिमा के प्लॉट पर आगजनी करने के मामले में विधायक इरफान सोलंकी उनके भाई रिजवान सोलंकी पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद विधायक और उनके भाई फरार हो गए थे। इस दौरान उन्होंने फर्जी आधार कार्ड पर हवाई यात्रा की थी। इस मामले में विधायक और उनके भाई जेल भेजे गए थे। मामले में पुलिस ने विधायक और उनके मददगार ऊपर गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। गैंगस्टर एक्ट के तहत पुलिस संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई कर रही है।
इसमें पुलिस ने विधायक के गैंगस्टर साथी शौकत अली पहलवान की अशरफाबाद स्थित हिलाल कंपाउंड स्थित दो अपार्टमेंट के 27 फ्लैट, एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट और सिविल लाइंस स्थित पांच फ्लैट समेत 28 करोड़ की संपत्तियां जब्त की थी। अब तक इरफान व शौकत की कुल 36 करोड़ की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
