खटीमा: किलपुरा वन रेंज में हाथी झुंड हुआ उग्र, वन कर्मियों को भी दौड़ाया
खटीमा, अमृत विचार। उप प्रभाग के किलपुरा वन रेंज में करीब 20 हाथियों का झुंड पिछले तीन-चार दिन से उग्र होने से वन कर्मियों में दहशत व्यात है। अब तक कई बार वन कर्मियों को भी हाथी दौड़ा चुके हैं। रेंजर जीवन चंद्र उप्रेती ने बताया कि वन कर्मी झुंड पर नजर रखे हैं, उन्होंने ग्रामीणों से जंगल के अधिक अंदर न जाने की सलाह दी। हाथी झुंड रेंज के नर्सरी को तहस नहस कर चुके हैं। यह झुंड शिवालिक कोरीडोर में विचरण कर रहा है।
बता दें कि उप प्रभाग का किलपुरा रेंज में हल्द्वानी व जौलासाल समेत अनेक रंेंजों से लगा है। शिवालिक कोरीडोर के हाथी रेंज से होकर विचरण करते हैं। रेंज में पिछले वर्षों से कई लोग हाथी के हमलों में जान गवां चुके हैं। पिछले कुछ दिनों में ही हाथी के हमले में तीन महिलाएं घायल हो चुकी हैं। रेंजर उप्रेती ने बताया कि पिछले तीन-चार दिन से शिवालिक कारीडोर के हाथी रेंज के पश्चिमी किलपुरा में विचरण कर रहे हैं। उग्र हाथी कई बार जंगल में लकड़ी कटान कर रहे वन निगम के कर्मियों को दौड़ा चुके हैं और वन कर्मियों के भी पीछे पड़ रहे हैं।
उन्होंने स्वीकार किया कि रेंज के पास पास संसाधनों की कमी है। इससे दिक्कत आ रही है, इसके बावजूद विभाग के कर्मी किसी तरह बचते बचाते उनकी निगरानी कर रहे हैं। उनके उग्र होने से वन कर्मियों को भी सर्तकता के साथ निगरानी को कहा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि हाथी झुंड कितने दिन रेंज में जमा रहता है, इस पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। वन कर्मियों की टीमों को जंगल से सटे गांवों के ग्रामीणों को लगातार सर्तक किया जा रहा है। टीम में वन रक्षक मनीषा जोशी, कृतिका सक्सेना, भूपाल सिंह जीना, अशोक, भूपाल आदि कर्मियों तैनात किया गया है।
